मकेर में दो ट्रकों से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त, दो चालक गिरफ्तार

Saran News: सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एनएच-722 पर कार्रवाई करते हुए हरियाणा और पंजाब नंबर के दो ट्रकों से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की. शराब को धान के भूसे और पेपर कार्टून के बीच छिपाकर मुजफ्फरपुर ले जाया जा रहा था.

Saran News (पप्पू मिश्रा की रिपोर्ट): सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस को शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. मद्य निषेध विभाग पटना से मिले इनपुट के आधार पर मकेर पुलिस ने एनएच 722 पर जाल बिछाकर अंग्रेजी शराब से लदे दो बड़े ट्रकों को जब्त किया है. इनमें से एक ट्रक हरियाणा नंबर का है और दूसरा पंजाब नंबर का है. तस्करों द्वारा इतनी भारी मात्रा में शराब की खेप को मुजफ्फरपुर की तरफ ले जाया जा रहा था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से इस खेप को बीच रास्ते में ही पकड़ लिया गया.

भूसे में छिपाकर रखी गई थीं शराब की पेटियां

शराब की तस्करी के लिए बदमाशों ने बेहद शातिराना तरीका अपनाया था. गुप्त सूचना मिलने के बाद मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह, अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार और पुलिस की टीम ने हाईवे पर घेराबंदी कर दोनों ट्रकों को बारी-बारी से रोका. जब ट्रकों की तलाशी ली गई तो पाया कि ट्रक की बॉडी के दोनों तरफ प्लास्टिक की बोरियों में धान का भूसा और पेपर कार्टून भरे हुए थे. लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की तो इन बोरियों और कार्टूनों के ठीक बीच में छुपाकर रखी गई विदेशी शराब की सैकड़ों पेटियां बरामद हुईं.

पहले ट्रक से 697 कार्टून बरामद

पुलिस द्वारा की गई शुरुआती कार्रवाई में पहले ट्रक से मैकडॉवेल्स नंबर-1 (McDowells No. 1) के 750 एमएल, 375 एमएल, 180 एमएल तथा इम्पीरियल ब्लू (Imperial Blue) के 750 एमएल, 375 एमएल और 180 एमएल की करीब 697 कार्टून अवैध शराब बरामद की गई. वहीं, दूसरे जब्त ट्रक से रॉयल ग्रीन विस्की (Royal Green Whisky) के लगभग 400 कार्टून बरामद होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक दूसरे ट्रक पर लदे शराब के कार्टूनों की गिनती पुलिस द्वारा जारी थी.

पुलिस ने दोनों चालक को किया गिरफ्तार

इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी विनीत कुमार, ग्रामीण एसपी संजय कुमार, डीएसपी सविंदर कुमार दास और मढ़ौरा इंस्पेक्टर नागेन्द्र सहनी तुरंत मकेर थाने पहुंचे और पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली. इसके साथ ही पटना से आई मद्य निषेध विभाग की टीम भी जांच में जुट गई है. पुलिस ने दोनों ट्रकों को अपने कब्जे में ले लिया है और मौके से दोनों चालकों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

Also Read: छपरा में इग्नू सत्रांत परीक्षा का सहायक क्षेत्रीय निदेशक ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >