Saran News: (परसा से मोहम्मद यूसुफ की रिपोर्ट )
सारण के परसा और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. सुबह से ही मौसम का मिजाज इतना गर्म हो जा रहा कि लोगों को दोपहर जैसी तपिश का एहसास हो रहा है. चिलचिलाती धूप, गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और बाजारों से लेकर सड़कों तक इसका असर साफ दिखाई दिया.
सुबह से ही आग उगलने लगा सूरज
गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया. दिन चढ़ने के साथ सूरज की तपिश और अधिक तीखी होती गई. मौसम के आंकड़ों के अनुसार क्षेत्र का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई. वातावरण में नमी अधिक होने के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हुई.
छाता, गमछा और कपड़ों के सहारे निकले लोग
तेज धूप से बचने के लिए लोग छाता, गमछा और कपड़ों का सहारा लेते नजर आए. कई लोगों ने अपने चेहरे को पूरी तरह ढंक रखा था, जबकि कुछ लोग धूप से बचाव के लिए छाता लेकर बाजार और अन्य स्थानों पर पहुंचे.
मजदूरों और राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें
भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर मजदूरों और राहगीरों पर देखने को मिला. रिक्शा चालक, ठेला चालक, निर्माण कार्य में लगे मजदूर, फुटपाथ विक्रेता और बाजार आने वाले लोग राहत के लिए पेड़ों की छांव तलाशते दिखाई दिए. तेज धूप के कारण लोगों को कामकाज करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
दोपहर से पहले ही सड़कों पर छाया सन्नाटा
गर्मी का असर इतना अधिक था कि दोपहर होने से पहले ही बाजारों और प्रमुख सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई. कई जगहों पर सन्नाटा जैसा माहौल देखने को मिल रहा है. लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए. तेज गर्मी और उमस का असर स्थानीय कारोबार पर भी पड़ा. दुकानदारों के अनुसार दोपहर के समय ग्राहकों की संख्या में काफी कमी देखी गई. सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में भीड़ कम रही, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ.
चिकित्सकों ने जारी की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है. चिकित्सकों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने को कहा है. लगातार बढ़ रही गर्मी और उमस के बीच लोगों को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है. मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए आने वाले दिनों में भी क्षेत्रवासियों को गर्म और उमस भरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है.
Also Read: परसा सीएचसी में दो महीने से धूल फांक रही अल्ट्रासाउंड मशीन, मरीजों को अब भी नहीं मिल रही सुविधा
