दरियापुर (छपरा). पुलिस ने चर्चित अंजली हत्याकांड का 10 दिनों के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है. बजहिया गांव के संजय महतो की 17 वर्षीया पुत्री अंजली की हत्या उसके प्रेमी बिट्टू ने ही चाकू से गोद कर की थी.पुलिस ने बिट्टू को दरभंगा से गिरफ्तार किया है. साथ ही जिस चाकू से हत्या की गयी थी. पुलिस ने उसे भी बरामद कर लिया है. बिट्टू नयागांव थाना क्षेत्र शोभेपुर गांव के जमादार महतो का पुत्र है. हत्याकांड को अंजाम देकर वह दरभंगा भाग गया था. इस हत्याकांड के खुलासे को लेकर आरक्षी अधीक्षक ने ग्रामीण एसपी शिखर चौधरी के नेतृत्व में एक टीम गठित की थी, जिसमें सोनपुर डीएसपी नवल किशोर, दरियापुर थानाध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद, पुअनि रितेश कुमार मिश्रा, सअनि इंद्रजीत कुमार शामिल किये गये. टीम ने हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में काफी मशक्कत की, तब जाकर सफलता मिली.
प्रेम में असफल होने पर की थी हत्या :
प्रेमी बिट्टू को अंजली के साथ करीब तीन वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन इसी बीच अंजली के परिजन ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी. इस पर प्रेमी बिट्टू तिलमिला गया और अपनी प्रेमिका की हत्या करने की योजना बना डाली. वह 15 फरवरी को प्रेमिका के गांव में पहुंच गया. जब शाम में अंजली शौच करने खेत की तरफ गयी, तो उसने चाकू से गोद-गोद कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया. अगले दिन सुबह में उसका शव खेत से बरामद हुआ था.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
