सारण में सफाई कर्मियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी, 300 टन से अधिक कचरा जमा, जलजमाव से बढ़ी परेशानी

छपरा नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पांचवें दिन भी जारी है, जिससे शहर में 300 टन से अधिक कचरा जमा हो गया है. बारिश और जलजमाव ने स्थिति को और बदतर बना दिया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोग जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं.

Saran News: छपरा नगर निगम में सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रही. निकाय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर तीन सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे सफाई कर्मियों ने नगर निगम कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया और शहर की कई प्रमुख सड़कों पर सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.

350 कर्मचारियों की अनुपस्थिति से 300 टन से अधिक कचरा जमा

हड़ताल के कारण नगर निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है. नगर निगम के अनुसार करीब 350 सफाई कर्मियों के काम पर नहीं आने से पांच दिनों में निगम क्षेत्र के 45 वार्डों में 300 टन से अधिक कचरा जमा हो गया है. मुख्य सड़कों, मोहल्लों और बाजारों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बारिश और जलजमाव से हालात हुए नारकीय

लगातार हो रही बारिश के कारण कचरे के ढेर और जलजमाव की समस्या ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है. मुख्य हाट-बाजारों और कई मोहल्लों में नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है. जगह-जगह फैले कचरे से दुर्गंध फैल रही है, जिससे लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है.

संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा

नगर निगम क्षेत्र के 45 वार्डों के लगभग 56 हजार होल्डिंग में सूखा और गीला कचरा जमा होने से बदबू फैलने लगी है. जगह-जगह मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.

फेडरेशन का ऐलान- मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

प्रदर्शन के दौरान फेडरेशन के अध्यक्ष सियाराम सिंह ने कहा कि जब तक राज्य स्तर पर सरकार और कर्मचारी संघ के बीच समझौता नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.

स्थानीय लोगों ने जल्द समाधान की मांग की

शहरवासियों ने सरकार और नगर निगम प्रशासन से जल्द वार्ता कर हड़ताल समाप्त कराने की मांग की है. निगम क्षेत्र के निवासी अनूप कुमार श्रीवास्तव, संजीव कुमार, आदित्य पांडे, मुनमुन कुमार सहित अन्य लोगों ने कहा कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है.

हड़ताल में शामिल कर्मियों की संख्या

  • 330 डेली वेजेज सफाई कर्मी
  • 30 डेली वेजेज जमादार
  • 10 डेली वेजेज ड्राइवर
  • 2 सेनेटरी इंस्पेक्टर
  • 10 लिपिक

महापौर बोले- आउटसोर्सिंग से कराई जा रही सफाई

छपरा नगर निगम के महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने कहा कि राज्य स्तर पर कर्मचारी संगठनों और सरकार के बीच वार्ता चल रही है. वहां से जो निर्देश मिलेगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित नहीं होने दिया जा रहा है और आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाई कार्य कराया जा रहा है.

Also Read : गोपालगंज के बाद अब मीरगंज में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, 450 रुपये मानदेय पर काम से इनकार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >