सारण: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से आरबीएस पब्लिक स्कूल, छपरा में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 500 छात्र-छात्राओं को राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक दायित्वों से जुड़े 10 संकल्पों की शपथ दिलाई गई.
मातृभाषा, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों के पालन का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मातृभाषा का सम्मान, वरिष्ठजनों का आदर, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, नागरिक कर्तव्यों के पालन तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने विद्यार्थियों से इन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया.
संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनने का दिया संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्व बताया. उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी के संस्कार और जागरूकता से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है.
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संचालक विजय सिंह, विभाग सेवा प्रमुख अवध किशोर मिश्रा, विभाग व्यवस्था प्रमुख ओम प्रकाश गुप्ता, विद्यालय के अध्यक्ष राजू कुमार, विद्यालय के सुनील कुमार ब्याहुत, सभी शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे.
500 विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने जागरूक, संस्कारित एवं उत्तरदायी नागरिक बनकर देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण के संदेश के साथ हुआ.
