Saran news : दाउदपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुरा गांव में शुक्रवार की रात हथियार से लैस बदमाशों ने घर में घुसकर मां-बेटी को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और करीब 20 लाख रुपये के आभूषण समेत 20 हजार रुपये नकदी लूट लिए. घटना के बाद बदमाश खिड़की के रास्ते फरार हो गए. वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है.
दीवार फांदकर छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश
पीड़िता बबीता देवी के अनुसार, रात में वह अपनी बेटी के साथ खाना खाने के बाद घर में सो रही थीं. इसी दौरान करीब पांच बदमाश पीछे की ओर से दीवार फांदकर छत पर पहुंचे और सीढ़ी के रास्ते मकान के अंदर दाखिल हो गए. सभी बदमाशों ने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था और हाफ पैंट व गंजी पहने हुए थे.
हथियार दिखाकर मांगी अलमारी की चाबी
घर में घुसते ही बदमाशों ने मां-बेटी को हथियार का भय दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया. दो बदमाशों ने गोदरेज की चाबी मांगी. बेटी और खुद की सुरक्षा को देखते हुए बबीता देवी ने मजबूरी में दीवान से चाबियों का गुच्छा निकालकर बदमाशों को दे दिया. इससे पहले बदमाश दोनों के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले चुके थे.
अलमारी से लेकर बक्से तक खंगाला, लाखों के जेवर ले गए
चाबी मिलने के बाद बदमाशों ने अलमारी, गोदरेज, सूटकेस और बक्से का ताला खोलकर और तोड़कर सामान खंगालना शुरू कर दिया. इस दौरान सोने का हार, मंगलसूत्र, झुमका, अंगूठियां, चांदी की पायल और बिछिया समेत करीब 20 लाख रुपये के आभूषण और 20 हजार रुपये नकदी लूट लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश खिड़की के रास्ते फरार हो गए.
शोर मचाने पर जुटे ग्रामीण, पुलिस को दी सूचना
बदमाशों के जाने के बाद पीड़िता ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने दाउदपुर थाना और डायल-112 को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निर्भय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.
बदमाशों की तलाश में छापेमारी तेज
पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने बदमाशों के आने-जाने वाले संभावित रास्तों की भी जांच शुरू कर दी है.
पंजाब में रहते हैं परिवार के कई सदस्य
बताया जाता है कि पीड़ित परिवार के कई सदस्य पंजाब में रहकर काम करते हैं. घटना के समय घर में मां-बेटी मौजूद थीं. हथियार के बल पर हुई इस वारदात के बाद परिवार के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
