रिविलगंज. रिविलगंज से डोरीगंज तक बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य को दिलीया रहीमपुर पंचायत के नेवाजी टोला गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को रोक दिया. गांव के लोगों का कहना है कि हम लोगों को सड़क बनने के बारे में जानकारी तो है, किंतु यह पता नहीं है कि किस व्यक्ति की कौन सी और कितनी जमीन सड़क में पड़ रही है. लोगों का यह भी कहना है कि अभी जमीन के अधिग्रहण की प्रारंभिक प्रक्रिया भी प्रारंभ नहीं हुई है, किंतु सड़क बनाने का काम शुरू हो गया है. जमीन का मुआवजा मिलना तो दूर की बात है, अभी जमीन के अधिग्रहण के लिए हम लोगों को नोटिस भी नहीं प्राप्त हुआ है. इतना ही नहीं पूरब से पश्चिम की तरफ बनने वाली सड़क के दक्षिण भाग में लगभग 100 मीटर तक गेहूं की लहलहाती फसल को रौंद कर पांच फुट गहराई तक खेत को काटा जा रहा है. इसके कारण निकट भविष्य में इस जमीन में कोई भी फसल नहीं होगी. लोगों ने यह भी बताया कि रास्ता बनाने का काम कथित तौर पर श्रीराम इंटरप्राइजेज नाम की कंपनी के द्वारा हो रहा है, किंतु मौके पर कंपनी का कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं है, जिससे बात की जा सके. कार्यस्थल पर उपस्थित सैकड़ों आक्रोशित लोगों ने कहा कि ठगी और लूट का यह धंधा नेवाजी टोला के अतिरिक्त इस सड़क में पड़ने वाले अन्य गांवों में भी हो रहा है. लोगों ने जोर देकर कहा कि उचित मुआवजा मिले बिना वे सड़क नहीं बनने देंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
