छपरा: नगर निगम की अनदेखी पर शेख टोली के युवाओं ने पेश की मिसाल, चंदा जुटाकर और श्रमदान से कर दिया 250 फीट लंबे नाले का निर्माण

सरकारी उपेक्षा के बावजूद, छपरा के शेख टोली के युवाओं ने सामूहिक प्रयास से जल निकासी की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कर दिया है. मोहल्ले वालों के सहयोग से 250 फीट लंबा नाला बनाकर उन्होंने मिसाल कायम की है.

Saran News: जब समाज के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो न तो सरकारी मदद की मजबूरी आड़े आती है और न ही संसाधनों की कमी. ऐसी ही एक प्रेरक मिसाल छपरा नगर निगम के वार्ड संख्या छह स्थित शेख टोली मोहल्ले में देखने को मिली है. मोहल्ले की लगभग ढाई सौ फीट लंबी गली में वर्षों से जलजमाव की समस्या झेल रहे स्थानीय लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार पक्के ड्रेनेज (नाले) के निर्माण की गुहार लगाई, लेकिन निगम प्रशासन लगातार अनदेखी करता रहा. आखिरकार व्यवस्था से निराश युवाओं ने खुद कमान संभाली और आपसी सहयोग, जन-चंदे तथा श्रमदान के जरिए नाला निर्माण की मजबूत नींव रख दी.

शेख टोली इमामबाड़ा के समीप न्यू कॉलोनी में मुन्ना कुरैशी के घर से शुरू होकर सूबेदार मियां, शमशाद राइन के घर से होते हुए तौकीर अली के मकान तक 27 अगस्त से नाला निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया है.

हर 15 फीट पर बनाए जा रहे चेंबर, ह्यूम पाइप से हो रही जल निकासी

निर्माण कार्य में जुटे युवाओं ने बताया कि जल निकासी निर्बाध रूप से जारी रहे, इसलिए हर 15 फीट की दूरी पर ईंट-सीमेंट के पक्के चेंबर बनाए जा रहे हैं. इसके साथ ही जमीन के नीचे ह्यूम पाइप बिछाए जा रहे हैं. निर्माण के लिए आवश्यक ईंट, बालू, सीमेंट, ह्यूम पाइप और अन्य सामग्रियों की व्यवस्था मोहल्ले के लोगों से चंदा जुटाकर की गई है, जबकि मजदूरी का खर्च बचाने के लिए युवा स्वयं फावड़ा-तगाड़ी उठाकर श्रमदान कर रहे हैं. पूर्व वार्ड आयुक्त डॉ. तारिक अहमद ने भी मौके पर पहुंचकर युवाओं के इस साहसिक प्रयास की सराहना की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.

जलजमाव से त्रस्त थे मोहल्लेवासी, युवाओं की पहल से मिली राहत

स्थानीय नागरिकों ने इस सामूहिक पहल पर अपनी प्रतिक्रिया दी:

  • नुरुल्लाह अंसारी: पिछले चार वर्षों से जलजमाव के कारण नारकीय स्थिति थी. युवाओं की यह पहल ऐतिहासिक और अनुकरणीय है.
  • जलालुद्दीन राइन: सामाजिक एकजुटता से बड़ा से बड़ा काम संभव हो जाता है. मोहल्ले के युवाओं ने एकता की मिसाल कायम की है.
  • तौकीर अली: नगर निगम के चक्कर काटकर थक चुके थे. युवाओं के श्रमदान ने मोहल्ले को नया जीवन दिया है.
  • छोटे राइन: चंदा और पसीना बहाकर बच्चों ने जो कार्य किया है, वह पूरे शहर के लिए एक सबक है.

मामले पर क्या बोले महापौर

छपरा नगर निगम के महापौर (मेयर) लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में पहले नहीं लाया गया था. यदि मामला उनके पास आया होता, तो नगर निगम मद से नाले का निर्माण कराया जाता. इसके बावजूद, यदि युवाओं ने एकजुट होकर श्रमदान और निजी संसाधनों से ड्रेनेज का निर्माण किया है, तो यह अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य है.

Also Read: छपरा: डीएम-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने वेयरहाउस का किया निरीक्षण, सुरक्षा और भंडारण व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >