Railway Pensioners Association: पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन छपरा शाखा की बैठक रविवार को भगवान बाजार स्थित पराशर कॉम्प्लेक्स में आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता सुभाष चंद्र ने की, जबकि संचालन शाखा मंत्री मिथिलेश कुमार सिंह ने किया. इस दौरान रेलवे बोर्ड के हालिया आदेशों पर संतोष जताते हुए पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गयी.
मैनुअल पास जारी करने के आदेश को बताया बड़ी जीत
बैठक में वक्ताओं ने हाल ही में मैनुअल पास जारी करने के रेलवे बोर्ड के आदेश को एसोसिएशन की बड़ी उपलब्धि बताया. इसके साथ ही रेल अधिकारियों द्वारा पेंशनरों से सीधे संवाद स्थापित करने के रेलवे बोर्ड के निर्देश पर भी प्रसन्नता जतायी गयी. सदस्यों ने कहा कि इससे पेंशनरों की समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने और उनके त्वरित निस्तारण में मदद मिलेगी.
18 महीने के डीए एरियर के भुगतान की मांग
बैठक में केंद्र सरकार और रेल प्रशासन से कोविड काल के दौरान रोके गये 18 महीने के डीए एरियर का जल्द भुगतान करने की मांग की गयी. वक्ताओं ने कहा कि पेंशनरों को लंबे समय से इस राशि के भुगतान का इंतजार है. सरकार को पेंशनरों के हित में इस मामले पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए.
पेंशन कम्यूटेशन की अवधि 11 वर्ष करने की मांग
एसोसिएशन ने पेंशन कम्यूटेशन की अवधि को मौजूदा 15 वर्ष से घटाकर 11 वर्ष करने की पुरजोर मांग रखी. वक्ताओं ने कहा कि इससे पेंशनरों को आर्थिक राहत मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही मांग का समाधान हो सकेगा.
आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट समय पर लागू करने की अपील
बैठक में केंद्र सरकार से अपील की गयी कि आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट को पेंशनरों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर लागू किया जाए. सदस्यों ने कहा कि वेतन और पेंशन से जुड़े मामलों में पेंशनरों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए.
संगठन की बढ़ती सदस्य संख्या पर जतायी खुशी
उप सचिव डॉ. एएच अंसारी ने छपरा शाखा में सदस्यों की लगातार बढ़ रही संख्या पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि पेंशनरों की एकजुटता से संगठन को और मजबूती मिलेगी.
इस अवसर पर मिथिलेश कुमार सिंह, सुरेंद्र सिंह, पीके मांझी, अरुण कुमार सिंह, रामानंद महतो, सुधीर कुमार श्रीवास्तव, मुद्रिका प्रसाद और राजकुमार श्रीवास्तव सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे. सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और पेंशनरों की समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाने का संकल्प लिया.
