Punjab Accident:पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में हुए भीषण सड़क हादसे में मढ़ौरा थाना क्षेत्र के तेजपुरवा गांव निवासी मंजय प्रसाद के 12 वर्षीय इकलौते पुत्र आशीष कुमार की मौत हो गयी. हादसे में पिकअप चालक की भी मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि परिवार के 16 अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी घायलों का इलाज लुधियाना के अस्पताल में चल रहा है. घटना 15 अगस्त की देर रात की बतायी जा रही है.
18 लोग पिकअप से जा रहे थे हरिद्वार
बताया जाता है कि तेजपुरवा गांव के तीन भाइयों के परिवार के 18 सदस्य पंजाब के लुधियाना से एक खुली पिकअप गाड़ी पर सवार होकर 15 अगस्त की छुट्टी मनाने हरिद्वार जा रहे थे. इसी दौरान फतेहगढ़ साहिब के पास उनकी पिकअप अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गयी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप चालक बबलू कुमार और आशीष कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.
परिवार के 16 सदस्य घायल
हादसे में मंजय प्रसाद, उनके भाई राजू प्रसाद, प्रमोद प्रसाद समेत परिवार के 16 अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मंजय प्रसाद अपने तीन भाइयों के साथ लुधियाना में रहकर जीवनयापन करते हैं. छुट्टी के दौरान परिवार के सदस्य हरिद्वार जाने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया.
तेजपुरवा गांव में पसरा मातम
हादसे में 12 वर्षीय आशीष की मौत की खबर मिलते ही तेजपुरवा गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है. आशीष परिवार का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है. हादसे की जानकारी मिलने के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
