विश्वविद्यालय खुलते ही शुरू होगी पीजी व स्नातक परीक्षा की तैयारी

जयप्रकाश विश्वविद्यालय में दीपावली, भैया दूज व छठ महापर्व को लेकर 28 अक्टूबर तक अवकाश घोषित कर दिया गया है.

छपरा. जयप्रकाश विश्वविद्यालय में दीपावली, भैया दूज व छठ महापर्व को लेकर 28 अक्टूबर तक अवकाश घोषित कर दिया गया है. अब विश्वविद्यालय 29 अक्टूबर को खुलेगा. विश्वविद्यालय खुलते ही पीजी व स्नातक के परीक्षाओं की तैयारी शुरू हो जायेगी. नवंबर माह में पीजी सत्र 2022-24 थर्ड सेमेस्टर तथा स्नातक सत्र 2024-28 सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा निर्धारित है. जिसका विस्तृत शेड्यूल पूर्व में ही जारी किया जा चुका है. परीक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अवकाश के बाद विश्वविद्यालय खुलते ही परीक्षा मंडल की एक बैठक आयोजित होगी. जिसमें शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त माहौल में परीक्षा संपन्न कराये जाने को लेकर गाइडलाइन जारी किया जायेगा. हाल ही में जिन छात्र-छात्राओं का नामांकन स्नातक के वर्तमान सत्र में मॉप अप राउंड के तहत हुआ है. उनकी कक्षाएं भी अवकाश के बाद ही चलेंगी. 17 अक्टूबर को ही मॉप अप राउंड के अंतर्गत छात्रों का नामांकन लिया गया है. विश्वविद्यालय खुलते ही पीजी सत्र 2024-26 के अंतर्गत दूसरी मेधा सूची जारी होगी. पहली मेधासूची पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. वहीं पहली मेधा सूची में शामिल छात्र-छात्राओं का वर्ग संचालन भी अब अवकाश के बाद ही शुरू होगा.

10 नवंबर से शुरू होगी पीजी की परीक्षा

पीजी सत्र 2022-24 थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा 10 से 16 नवंबर तक दो पालियों में आयोजित की जायेगी. इसके अंतर्गत प्रायोगिक परीक्षा 19 से 12 नवंबर तक संबंधित कॉलेजों तथा विश्वविद्यालय के पीजी विभागों में होगी. मुख्य विषयों की परीक्षा दो पालियों में निर्धारित है. पहली पाली सुबह नौ बजे से 12 बजे तक जबकि दूसरी पाली दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक होगी. पीजी के सभी विषयों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप ए के अंतर्गत कॉमर्स, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, गणित, इतिहास, उर्दू, अंग्रेजी तथा हिंदी शामिल है. जबकि ग्रुप बी में भौतिकी, जूलॉजी, बॉटनी, केमिस्ट्री, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, भूगोल, गृह विज्ञान व संस्कृत की परीक्षा ली जायेगी. परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया गया है.

17 नवंबर से होगी स्नातक की परीक्षा

स्नातक सत्र 2024-28 चार वर्षीय सीबीसीएस की परीक्षा 17 से 22 नवंबर के बीच आयोजित होगी. यह परीक्षा भी दो पालियों में होनी है. जिसका विशेष शेड्यूल वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है. स्नातक की प्रायोगिक परीक्षा 25 नवंबर से दो दिसंबर तक संबंधित कॉलेजों में होगी स्नातक सेकेंड सेमेस्टर में मेजर कोर्स, माइनर कोर्स, अनिवार्य एडिशनल विषय आदि की परीक्षा ली जायेगी. परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि पीजी व स्नातक दोनों ही सत्रों की परीक्षा का एडमिट कार्ड पूर्व में ही जारी किया जा चुका है. जो कॉलेज में वितरित भी हो रहा है. परीक्षा के केंद्र में कोई बदलाव नहीं है. सिर्फ परीक्षा तिथि में बदलाव किया गया है. उन्होंने बताया कि एडमिट कार्ड में यदि किसी छात्र-छात्रा के एडमिट कार्ड में यदि त्रुटि है तो वह महाविद्यालय स्तर पर उसमें सुधार करा सकते हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Alok kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >