सारण: तरैया थाना क्षेत्र के पचौड़र गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में देसी शराब स्प्रिट और विदेशी शराब बरामद की है. कार्रवाई के दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
घर में बाल्टियों में छिपाकर रखी थी शराब
थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों की पहचान पचौड़र निवासी विजय पासवान और राजू मांझी के रूप में हुई है. इनके घर से पेंट की लगभग एक दर्जन बाल्टियों में छिपाकर रखी गई 1563 लीटर देसी शराब स्प्रिट बरामद की गई. इसके अलावा 720 एमएल विदेशी शराब भी जब्त की गई.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिली थी कि विजय पासवान और राजू मांझी अपने घर में अवैध शराब छिपाकर रखते हैं और चोरी-छिपे उसकी बिक्री करते हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस बल के साथ छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान दो तस्कर मौके से फरार हो गए, जबकि विजय पासवान और राजू मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया.
बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में तरैया थाना कांड संख्या 329/29 के तहत धारा 30(ए) बिहार उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.
