भेल्दी. थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव में हत्या के फरार आरोपित बच्चा सिंह के घर पर पुलिस ने रविवार को कुर्की-जब्ती की बड़ी कार्रवाई की. थाना अध्यक्ष संदीप कुमार व अपर थाना अध्यक्ष ओम प्रकाश के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से आरोपित के घर के मुख्य द्वार, खिड़की और आगे का हिस्सा ध्वस्त कर दिया. गौरतलब हो कि 30 अक्टूबर को जमीन विवाद के कारण बच्चा सिंह और उसके परिवार ने अपने पट्टीदार 63 वर्षीय छोटेलाल सिंह और उनके परिजनों पर हमला कर दिया था. इस हमले में छोटेलाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये थे, जिन्हें इलाज के लिए पटना पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था. वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद से ही आरोपित फरार था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देता रहा.
आरोपित ने किया आत्मसमर्पण
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से घबराकर आरोपित पंकज सिंह ने पटना के गर्दनीबाग थाने में और हरदेव सिंह ने मढ़ौरा थाने में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपित बच्चा सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
