गोपालगंज. मीरगंज थाना क्षेत्र के छाप मोड़ के पास शनिवार को भीषण सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो लोग घायल हो गये. जानकारी के अनुसार लाइन होटल के पास खड़ी पिकअप में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गये. मृतक की पहचान सारण जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रामनगर नायका टोला गांव निवासी जय किशोर महतो के 22 वर्षीय पुत्र विजय कुमार के रूप में की गयी है. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. घायलों में रामनगर गांव निवासी भूलन गोस्वामी के पुत्र रितेश गोस्वामी और रामनगर निरमही टोला निवासी बहादुर मांझी के पुत्र हरेंद्र कुमार शामिल हैं. दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बतायी जा रही है. बताया जाता है कि पिकअप छपरा से सामान लोड कर मीरगंज बाजार आ रही थी. वाहन में सोनार की तिजोरी भी लदी थी. इसी दौरान छाप मोड़ स्थित लाइन होटल के पास खड़ी पिकअप में पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मीरगंज पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है.
ट्रक की टक्कर से पिकअप चालक की मौत, दो घायल
मीरगंज थाना क्षेत्र के छाप मोड़ के पास शनिवार को भीषण सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो लोग घायल हो गये.
