10 नवंबर से दो पालियों में होगी पीजी थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा

10 नवंबर से शुरू होने वाली पीजी थर्ड सेमेस्टर सत्र 2022-24 की परीक्षा को शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराये जाने को लेकर जयप्रकाश विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग द्वारा गाइडलाइन जारी किया गया है.

छपरा. 10 नवंबर से शुरू होने वाली पीजी थर्ड सेमेस्टर सत्र 2022-24 की परीक्षा को शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराये जाने को लेकर जयप्रकाश विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग द्वारा गाइडलाइन जारी किया गया है. परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा 10 से 16 नवंबर तक दो पालियों में ली जायेगी. परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल सभी जेपीयू पीजी विभागों तथा पीजी कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर पूर्व में ही प्रकाशित किया जा चुका है. वहीं विभाग स्तर पर बने व्हाट्सएप ग्रुप में भी परीक्षार्थियों को शेड्यूल भेजा जा रहा है. थर्ड सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा की तिथि भी जारी कर दी गयी है. प्रायोगिक परीक्षा 19 से 22 नवंबर के बीच सम्बंधित कॉलेजों व जेपीयू के पीजी विभागों में ली जायेगी.

ये है पीजी परीक्षा का शेड्यूल

पीजी थर्ड सेमेस्टर के अंतर्गत सभी 17 विषयों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप ए में कॉमर्स, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, गणित, इतिहास, उर्दू, अंग्रेजी तथा हिंदी विषय शामिल है. जबकि ग्रुप बी में भौतिकी, जूलॉजी, बॉटनी, केमिस्ट्री, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, भूगोल, गृह विज्ञान व संस्कृत विषय को रखा गया है. कोर कोर्स व एडिशनल विषयों की परीक्षा 10 से 16 नवंबर के बीच निर्धारित है. परीक्षा दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह 9 बजे से 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक होगी. 10 नवंबर को पहली व दूसरी पाली में कोर कोर्स दस, 11 नवंबर को कोर कोर्स 11, 12 को कोर कोर्स 12, 13 को कोर कोर्स 13 तथा 15 नवंबर को कोर कोर्स 14 की परीक्षा होगी. 16 नवंबर को पहली व दूसरी पाली में एडिशनल अनिवार्य विषय की परीक्षा ली जायेगी.

दो केंद्रों पर होगी परीक्षा

पीजी थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा दो केंद्रों पर आयोजित की जायेगी. परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि सारण जिला अंतर्गत सभी पीजी कॉलेज तथा जयप्रकाश विश्वविद्यालय के 17 पीजी विभागों में नामांकित छात्र-छात्राओं की परीक्षा विश्वविद्यालय स्थित मल्टीपरपस परीक्षा भवन में ली जायेगी. जबकि सीवान तथा गोपालगंज के सभी पीजी कॉलेजों के छात्रों की परीक्षा का केंद्र राजा सिंह कॉलेज सीवान को बनाया गया है. इस परीक्षा में करीब तीन हजार छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Alok kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >