JPU PG Admission 2026: पहली मेधा सूची जारी, 4200 सीटों पर पीजी नामांकन शुरू

जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) ने स्नातकोत्तर (PG) प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। कुल 4200 सीटों के लिए पहली मेधा सूची जारी की गई है, जिसके आधार पर 18 अगस्त तक आवेदन किए जा सकते हैं।

JPU PG Admission 2026: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) में स्नातकोत्तर (PG) प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 में नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गयी है. विश्वविद्यालय की ओर से 10 अगस्त को पोर्टल पर पहली मेधा सूची जारी की गयी थी. इसी मेधा सूची के आधार पर विश्वविद्यालय के 17 पीजी विभागों और विभिन्न पीजी कॉलेजों में नामांकन लिया जा रहा है. नामांकन की प्रक्रिया 18 अगस्त तक पूरी कर लेने का निर्देश दिया गया है.

विश्वविद्यालय की ओर से सभी संबंधित पीजी कॉलेजों को नामांकन को लेकर नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है. पहली मेधा सूची में शामिल छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट से नामांकन से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. वहीं, कॉलेजों में विषयवार मेधा सूची नोटिस बोर्ड पर भी प्रकाशित की गयी है.

17 विषयों में 4200 सीटों पर होगा नामांकन

जेपी विश्वविद्यालय के पीजी विभागों और छपरा, सीवान व गोपालगंज के विभिन्न पीजी कॉलेजों में कुल 4200 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गयी है. मंगलवार को नामांकन को लेकर छपरा के राजेंद्र कॉलेज, जगदम कॉलेज, जेपीएम कॉलेज, रामजयपाल कॉलेज समेत विश्वविद्यालय के पीजी विभागों में काफी चहल-पहल रही.

नामांकन के लिए छात्रों को सबसे पहले आवेदन फॉर्म को सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित कॉलेज या विभाग में सत्यापित कराना होगा. दस्तावेजों के सत्यापन के बाद निर्धारित नामांकन शुल्क के साथ फॉर्म काउंटर पर जमा करना होगा.

तीन कॉलेजों का विकल्प देने के बाद हुआ सीट का आवंटन

जेपी विश्वविद्यालय ने पीजी में नामांकन के लिए पिछले महीने ऑनलाइन आवेदन मांगा था. ऑनलाइन आवेदन के दौरान छात्रों को जेपीयू के पीजी विभागों के साथ-साथ छपरा, सीवान और गोपालगंज के पीजी कॉलेजों में नामांकन के लिए तीन विकल्प चुनने का मौका दिया गया था.

छात्रों की ओर से चुने गये विकल्पों में से उपलब्ध सीट और मेधा के आधार पर किसी एक कॉलेज या पीजी विभाग का आवंटन किया गया है. पहली मेधा सूची में स्थान पाने वाले छात्र अब निर्धारित अवधि के भीतर अपना नामांकन करा सकते हैं.

पीजी विभाग और राजेंद्र कॉलेज में सबसे अधिक सीट

पीजी में अलग-अलग विषयों में सबसे अधिक सीटें जेपीयू के पीजी विभाग और राजेंद्र कॉलेज में उपलब्ध हैं. विश्वविद्यालय के पीजी विभाग में 992 सीट, राजेंद्र कॉलेज में 982 सीट, डीएवी कॉलेज सीवान में 912 सीट और जगदम कॉलेज में 448 सीट उपलब्ध हैं.

विषयवार देखा जाए तो इतिहास और राजनीति विज्ञान में सबसे अधिक सीटें हैं. इसके अलावा भौतिकी, रसायन, गणित, जूलॉजी, बॉटनी, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, भूगोल, वाणिज्य और गृह विज्ञान विषयों में भी नामांकन लिया जा रहा है.

विषयवार पीजी सीटों का विवरण

  • भौतिकी: 384 सीट
  • रसायन: 192 सीट
  • गणित: 352 सीट
  • जूलॉजी: 384 सीट
  • बॉटनी: 208 सीट
  • हिंदी: 240 सीट
  • अंग्रेजी: 192 सीट
  • संस्कृत: 144 सीट
  • उर्दू: 208 सीट
  • इतिहास: 604 सीट
  • अर्थशास्त्र: 144 सीट
  • मनोविज्ञान: 432 सीट
  • दर्शनशास्त्र: 96 सीट
  • राजनीति विज्ञान: 480 सीट
  • भूगोल: 144 सीट
  • कॉमर्स: 180 सीट
  • गृह विज्ञान: 64 सीट

कई कॉलेजों में पहली बार शुरू हुई पीजी की पढ़ाई

जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कई अंगीभूत कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-28 से पीजी के नये विषयों की पढ़ाई शुरू करने की स्वीकृति दी गयी है. इससे पहले प्रमंडल के कई अंगीभूत कॉलेजों में पीजी के प्रमुख विषयों की पढ़ाई नहीं होती थी. इसके कारण स्थानीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे संस्थानों का रुख करना पड़ता था.

सत्र 2026-28 से जगदम कॉलेज, रामजयपाल कॉलेज, गंगा सिंह कॉलेज, एचआर कॉलेज अमनौर, नंदलाल सिंह कॉलेज दाउदपुर, राजा सिंह कॉलेज सीवान, विद्या भवन महाविद्यालय सीवान, नारायण महाविद्यालय गोरियाकोठी, भोला प्रसाद सिंह कॉलेज भोरे, महेंद्र महिला कॉलेज गोपालगंज, गोपेश्वर कॉलेज हथुआ, कमला राय कॉलेज गोपालगंज, वाइएन कॉलेज दिघवारा, एचआर कॉलेज मैरवा, पीएन कॉलेज परसा और जयप्रकाश महिला कॉलेज छपरा में पीजी के नये विषय शुरू करने की स्वीकृति मिली है.

इन पीजी कॉलेजों में हो रहा है नामांकन

  • राजेंद्र कॉलेज, छपरा
  • रामजयपाल कॉलेज, छपरा
  • जगदम कॉलेज, छपरा
  • जेपीएम कॉलेज, छपरा
  • नंदलाल सिंह कॉलेज, दाउदपुर
  • डीएवी कॉलेज, सीवान
  • नारायण कॉलेज, गोरियाकोठी
  • जेडए इस्लामिया कॉलेज, सीवान
  • कमला राय कॉलेज, गोपालगंज
  • पीएन कॉलेज, परसा
  • एचआर कॉलेज, अमनौर
  • वाइएन कॉलेज, दिघवारा
  • गोपेश्वर कॉलेज, हथुआ
  • महेंद्र महिला कॉलेज, गोपालगंज
  • राजा सिंह कॉलेज, सीवान
  • गंगा सिंह कॉलेज, छपरा
  • भोला प्रसाद सिंह कॉलेज, भोरे
  • जेपीयू पीजी विभाग

छात्रों के लिए जरूरी जानकारी

पहली मेधा सूची में शामिल छात्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. नामांकन से पहले छात्रों को अपने सभी आवश्यक प्रमाणपत्र और दस्तावेज तैयार रखने होंगे. संबंधित कॉलेज या विभाग में दस्तावेज सत्यापन के बाद ही नामांकन शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी होगी.

Also Read : PHOTOS: तस्वीरों से समझें पटना के शिवधामों की अनसुनी कहानी, 1200 रुद्र से 108 फीट के अर्धनारीश्वर तक


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >