छपरा. सदर अस्पताल में मरीजों की सुविधा को लेकर आये दिन व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है. इमरजेंसी समेत ओपीडी विभाग को पूरी तरह से भव्या ऑनलाइन कंट्रोल से जोड़ दिया गया है. वहीं अब मरीजों को दवा लेने के लिए घंटों कतार में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा. अस्पताल ने अब डिजिटल टोकन प्रणाली की व्यवस्था शुरू कर दी है. जिसको लेकर अस्पताल के दवा काउंटर पर टोकन मशीन को भी इंस्टॉल करा दिया गया है. आने वाले एक दो दिनों में मरीजों को ऑनलाइन निबंधन के साथ ही जो टोकन नंबर जारी होगा उसी नंबर से दवा भी उपलब्ध करायी जायेगी. निबंधन के साथ टोकन नंबर जारी होने के बाद जब मरीज चिकित्सक से परामर्श लेकर पुनः दवा काउंटर पर जायेंगे तो उन्हें उसी नंबर के अनुसार दवा उपलब्ध हो जायेगी. वहीं अब कतार में खड़ा रहने की कोई जरूरत नहीं है. मरीज अगर वेटिंग हॉल में बैठे भी रहेंगे तो उन्हें तो अपने नंबर कि जानकारी डिस्प्ले के माध्यम से मिल जायेगी. इसके बाद वह काउंटर पर जाकर दवा ले सकेंगे. निबंधन काउंटर व दवा काउंटर पर यह व्यवस्था जल्द शुरू होंगी.
अल्ट्रासाउंड व अन्य विभाग को भी जल्द जोड़ा जायेगा
डिस्प्ले टोकन नंबर से दवा काउंटर पर खड़े मरीजों को एक से दो दिनों में दवा मिलने लगेगी. आने वाले समय में लैब, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड आदि विभागों में भी इस व्यवस्था को शुरू किया जायेगा. डिस्प्ले नंबर की सुविधा शुरू होते ही अल्ट्रासाउंड में जहां लोग सुबह से ही नंबर लगाने के लिए कतार में खड़े रहते हैं तो वैसे लोगों को भी काफी सहूलियत होगी. जांच घर में भी गर्भवती महिलाओं को जांच कराने के लिए काफी मशक्कत का सामना करना पड़ता है. अब इस टोकन की व्यवस्था से उन लोगों को भी काफी मदद मिलेगी.दवा के लिए काउंटर के अंदर प्रवेश निषेध
जानकारी के अनुसार दवा काउंटर पर मरीजों की अत्यधिक भीड़ के बावजूद कई स्टाफ समेत बाहरी लोग भी दवा लेने के लिए काउंटर के अंदर चले जाते हैं. जिससे ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. वहीं अब इस टोकन प्रणाली के शुरू होने से टोकन लेकर जाने वाले मरीजों को ही दवा मिल पायेगा. बाहरी लोग या स्टाफ बता कर दवा काउंटर के अंदर जाने वाले लोगों को दवा बिलकुल नहीं दी जायेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
