Saran News : एनएच 331 पर कन्हौली संग्राम गांव के पास गढ्ढे में पलटी यात्री बस, छह से अधिक यात्री घायल

Saran News : रविवार को दोपहर 12 बजे एक यात्री बस के पलटने से छह से अधिक लोग घायल हो गये.

बनियापुर. रविवार को दोपहर 12 बजे एक यात्री बस के पलटने से छह से अधिक लोग घायल हो गये. घटना बनियापुर से छपरा जा रही एक बस के अनियंत्रित होने के कारण घटी, जब वह एनएच 331 पर कन्हौली संग्राम गांव के पास स्थित टीवीएस एजेंसी के समीप बिजली के खंभे से टकरा गयी और सड़क के किनारे 10 फीट गहरे गड्ढे में पलट गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार बस का टक्कर इतना जबरदस्त था कि सभी चक्के ऊपर की ओर पलट गये और यात्री नीचे दब गये. हादसे में बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी. घटना के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गयी. स्थानीय वार्ड सदस्य प्रमोद राय और अन्य ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला. इस दौरान, चालक और खलासी मौके से फरार हो गये.

घटना की सूचना मिलते ही रेफरल अस्पताल ने एंबुलेंस भेजकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और उनका इलाज शुरू कर दिया. घायलों में सिवान जिले के मलमालिया निवासी 40 वर्षीय कलावती देवी, बसंतपुर निवासी 45 वर्षीय दुर्गावती देवी, दहियाव टोला छपरा निवासी 41 वर्षीय अफताब आलम, रामनगर छपरा निवासी 62 वर्षीय विनय कुमार, खवासपुर निवासी 35 वर्षीय मुन्नी देवी, बनियापुर के डाढ़ी बाढ़ी निवासी 25 वर्षीय ललिता देवी और कन्हौली मठिया निवासी 14 वर्षीय खुशी कुमारी शामिल हैं. रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एमएम जाफरी ने बताया कि सभी घायलों का इलाज प्रारंभ कर दिया गया है. गनीमत रही कि किसी भी यात्री का हाथ या पैर नहीं टूटा. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है.

घटना के बाद सड़क पर रहा अफरातफरी का माहौल

घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. एनएच 331 होने के कारण सड़क पर हमेशा बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है. बस के पलटने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. हालांकि, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को जल्दी नियंत्रित किया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

ALOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >