नेपाल की फ्लैश फ्लड में सारण का युवक लापता, सांसद रूडी ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र

नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में सारण जिले का एक युवक लापता हो गया है. युवक के परिजनों ने सांसद राजीव प्रताप रूडी से मदद की गुहार लगाई है. सांसद ने विदेश मंत्री को पत्र लिखकर युवक की सकुशल वापसी और तलाश के लिए तत्काल सहायता का आग्रह किया है.

Nepal Flood Missing Indian: नेपाल में आयी भीषण फ्लैश फ्लड में सारण जिले के परसा प्रखंड के अंजनी गांव का 33 वर्षीय युवक जितेन्द्र कुमार साह लापता हो गया है. युवक के लापता होने की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अब परिजनों ने जितेन्द्र की सकुशल वापसी के लिए सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी से मदद की गुहार लगायी है.

परिजनों की अपील पर सांसद राजीव प्रताप रूडी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर को पत्र लिखा है. सांसद ने लापता युवक की तलाश और उसकी भारत वापसी के लिए प्रशासनिक एवं राजनयिक स्तर पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है.

रोजी-रोटी की तलाश में नेपाल गया था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंजनी पंचायत के वार्ड नंबर 01 निवासी इंद्रजीत साह का पुत्र जितेन्द्र कुमार साह करीब 25 दिन पहले गांव के कुछ साथियों के साथ रोजी-रोटी की तलाश में नेपाल गया था. वह नेपाल के रसुआ जिला स्थित अपर त्रिशुली-1 पावर हाउस में काम करता था.

जितेन्द्र एंड्रिट्ज हाइड्रो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में वेल्डर के तौर पर कार्यरत था. परिजनों के अनुसार, 26 अगस्त बुधवार की सुबह ऊपरी त्रिशुली नदी बेसिन में अचानक विनाशकारी बाढ़ आ गयी. उस समय जितेन्द्र अपने कार्यस्थल पावर हाउस में ही मौजूद था.

26 अगस्त की शाम के बाद मोबाइल हुआ बंद

परिजनों ने बताया कि 26 अगस्त की शाम करीब पांच बजे जितेन्द्र से आखिरी बार बातचीत हुई थी. इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है और परिवार के लोगों का उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है.

जिस स्थान पर जितेन्द्र काम करता था, उसी इलाके में बाढ़ का सबसे विकराल रूप देखने को मिला. इसके बाद से परिवार के लोग उसकी सलामती को लेकर चिंतित हैं और लगातार उसके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं.

सांसद रूडी ने विदेश मंत्री से मांगी तत्काल मदद

परिजनों की मार्मिक अपील पर सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी ने 29 अगस्त को डीओ पत्र संख्या 247ए/2026 के माध्यम से विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर को पत्र लिखा.

सांसद ने विदेश मंत्री से आग्रह किया है कि लापता युवक की तलाश के लिए प्रशासनिक और राजनयिक स्तर पर तत्काल सहायता उपलब्ध करायी जाये. इसके साथ ही जितेन्द्र की भारत वापसी, बकाया वेतन, बीमा और मुआवजा दिलाने में भी आवश्यक मदद की जाये.

सांसद ने पत्र की प्रतिलिपि नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव को भी भेजी है.

भाजपा नेता ने परिजनों से की मुलाकात

सांसद की पहल के बाद सारण जिला भाजपा महामंत्री भी शोकाकुल परिजनों से मिले और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. परिजन जितेन्द्र की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं.

Also Read : सारण के गांव से डेथ वैली तक शैलेश की ऐतिहासिक उड़ान, किसान के बेटे ने 29 घंटे में 217 किमी दौड़कर बनाया रिकॉर्ड


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vijay kumar pand

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >