Saran News : छपरा शहर में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने नगर व्यवस्था की पोल खोल दी है. रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक हुई रुक-रुक कर बारिश के बाद शहर के 30 से अधिक मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. सड़कों, गलियों और बाजारों में पानी भर जाने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है.
कई मोहल्लों में जलजमाव, निकासी की व्यवस्था ठप
साधनपुरी मोहल्ले की अधिकांश गलियां पानी से लबालब भर गई हैं. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सरकारी बाजार, मौना, सांढ़ा रोड, मेवालाल चौक और कटहरी बाग समेत कई इलाकों में दो से तीन फुट तक पानी जमा हो गया है. मौना-सांढ़ा रोड की स्थिति सबसे अधिक खराब बताई जा रही है. वहीं मेवालाल चौक से पंचायत भवन जाने वाली सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.
खनुआ नाला निर्माण से बढ़ी परेशानी
जिन क्षेत्रों में खनुआ नाला का निर्माण कार्य चल रहा है, वहां पहले से ही जल निकासी की समस्या बनी हुई थी. लगातार बारिश के बाद आसपास के छोटे नालों का पानी भी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहने लगा है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
पश्चिमी क्षेत्र में भी हालात नारकीय
शहर के पश्चिमी हिस्से में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं. ब्रह्मपुर से श्यामचक और भगवान बाजार के बीच मुख्य सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है. इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन रही है. नए नालों के निर्माण वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़कें पानी से भर गई हैं. काशी बाजार से राजेंद्र कॉलेज जाने वाली वैकल्पिक सड़क, गुदरी बाजार और मासूमगंज इलाके में भी जलजमाव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है.
बाजारों में खरीदारी करना हुआ मुश्किल
लगातार बारिश के कारण शहर के प्रमुख बाजारों में भी लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है. सरकारी बाजार के आसपास की गलियों और सड़कों पर कीचड़ और जलजमाव है. कई स्थानों पर खनुआ नाला का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे आवाजाही और अधिक प्रभावित हो रही है. फल और सब्जी मंडी क्षेत्र सहित मौना गोला रोड पर भी हर तरफ कीचड़ फैला हुआ है.
खुले नाले और कीचड़ बने हादसे की वजह
सलेमपुर चौक पर नाले का स्लैब नहीं लगाए जाने से लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं. कई बाइक सवार कीचड़ में फिसलकर घायल हो चुके हैं. मेवालाल चौक से मौना पंचायत भवन जाने वाली सड़क पहले से जर्जर है, जिस पर कीचड़ जमा होने से ई-रिक्शा और बाइक चालकों को काफी परेशानी हो रही है. कई नए नालों पर अब तक ढक्कन नहीं लगाए गए हैं, जिससे बरसात के दौरान दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने जल्द जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने की मांग की है.
Also Read : 13 साल पुराने अपहरण मामले के फरार आरोपी के घर कुर्की, गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई
