सारण के तरैया से नौ दिन से लापता युवक निखिल का गड्ढे से मिला शव, पुणे से लौटकर पिता कर रहे थे तलाश

तरैया से नौ दिन से लापता 18 वर्षीय निखिल कुमार का शव एक गड्ढे से बरामद हुआ है. पुणे से पिता खुद लौटकर बेटे की तलाश कर रहे थे. शव मिलने से परिजनों में मातम पसर गया है.

Saran News: तरैया थाना क्षेत्र के भलुआ शंकरडीह गांव से नौ दिन से लापता 18 वर्षीय युवक निखिल कुमार का शव भटगाई बांसवारी स्थित गड्ढे से बरामद किया गया. परिजनों ने शव की पहचान निखिल कुमार के रूप में की. शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.

निखिल भलुआ शंकरडीह गांव निवासी संतोष कुमार सिंह का पुत्र था. परिजनों के अनुसार, पांच सितंबर को वह एक शवयात्रा में शामिल होने गया था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी.

पिता पुणे से लौटकर बेटे की तलाश में जुटे थे

निखिल दो भाइयों में छोटा था. उसका बड़ा भाई चंदन कुमार सिंह 12वीं कक्षा का छात्र है. पिता संतोष कुमार सिंह पुणे में निजी काम करते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं.

पुत्र के लापता होने की सूचना मिलने के बाद संतोष कुमार सिंह सात सितंबर को पुणे से तरैया पहुंचे. उन्होंने तरैया थाने में पुत्र के लापता होने की शिकायत दर्ज करायी. इसके बाद वह लगातार निखिल की तलाश में जुटे रहे.

पिता बेटे की तलाश में जगह-जगह पोस्टर भी चिपका रहे थे. रविवार को जब वह गरखा में बेटे की तलाश कर रहे थे, तभी परिजनों ने मोबाइल पर निखिल का शव मिलने की सूचना दी. इसके बाद वह गरखा से भटगाई पहुंचे और शव की पहचान की.

शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

निखिल का शव मिलने के बाद पिता संतोष कुमार सिंह, मां अनिता देवी और भाई चंदन कुमार का रो-रोकर बुरा हाल था. चंचलिया के उपमुखिया संजीव सिंह और समाजसेवी सोनू सिंह ने परिजनों को सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में धैर्य से काम लेने की अपील की.

भटगाई मुखिया ओम प्रकाश कुमार भी सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने शव को गड्ढे से निकलवाने में सहयोग किया और बदहवास परिजनों को सांत्वना दी.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने गड्ढे से शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया.

पुलिस मामले में आगे की प्रक्रिया में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >