प्रतिनिधि, तरैया. सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव के एक प्रवासी मजदूर की उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में कुत्ते के काटने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. मंगलवार की सुबह जैसे ही शव गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक की पहचान संग्रामपुर गांव निवासी सुखारी राय के 38 वर्षीय पुत्र मुन्ना राय के रूप में हुई है.
रोजगार के लिए गए थे उत्तर प्रदेश
परिजनों ने बताया कि मुन्ना राय करीब 15 दिन पहले परिवार के भरण-पोषण के लिए मुरादाबाद स्थित एक कंपनी में काम करने गए थे. इसी दौरान करीब पांच दिन पहले उन्हें एक कुत्ते ने काट लिया. घटना के बाद उन्होंने सरकारी अस्पताल पहुंचकर एंटी रैबीज का टीका भी लगवाया था.
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती
परिजनों के अनुसार टीका लगने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. रात में सोने के दौरान वह पलंग से गिरकर बेहोश हो गए. साथियों और परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनके ब्रेन का ऑपरेशन किया. हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
शव पहुंचते ही परिवार में मचा कोहराम
मंगलवार की सुबह मुन्ना राय का शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी इंदु देवी, 18 वर्षीय पुत्र करण, 14 वर्षीय पुत्र अमन, पिता सुखारी राय समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी मातम का माहौल है.
जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को बंधाया ढांढस
घटना की सूचना मिलते ही भटगाई पंचायत के मुखिया ओम प्रकाश कुमार, पंच-सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील तिवारी, उप सरपंच राम नारायण यादव, ग्राम कचहरी के सचिव बलराम राम तथा चौकीदार संजय यादव मृतक के घर पहुंचे. सभी ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
