Chhapra News : होली को लेकर गुलजार हुए बाजार, दुकानों में बढ़ी रौनक

Chhapra News : होली का त्योहार नजदीक आते ही शहर में उत्साह का माहौल बन चुका है. शहर के प्रमुख बाजारों में हलचल बढ़ गयी है और रंग-अबीर और पिचकारियों की दुकानों पर भीड़ उमड़ने लगी है.

छपरा. होली का त्योहार नजदीक आते ही शहर में उत्साह का माहौल बन चुका है. शहर के प्रमुख बाजारों में हलचल बढ़ गयी है और रंग-अबीर और पिचकारियों की दुकानों पर भीड़ उमड़ने लगी है. फुटपाथों पर सजी रंग-बिरंगी पिचकारियां, अबीर और होली के अन्य उत्पादों ने लोगों में उमंग और खुशी का माहौल बना दिया है. शहर के हथुआ मार्केट, साहेबगंज, मौना, सरकारी बाजार, गुदरी आदि प्रमुख बाजारों में रेडीमेड गारमेंट, कलर, किराना और फ्रूट्स की दुकानों में ग्राहकों की खासी भीड़ देखी जा रही है. बच्चों, युवाओं और महिलाओं में खरीदारी का विशेष उत्साह है. खासकर छोटे बच्चों में अपने पसंदीदा पिचकार और रंग खरीदने की उत्तेजना देखी जा रही है. रेडीमेड गारमेंट्स के अलावा, शॉपिंग मॉल्स में भी होली के लिए परिधानों की खरीदारी के लिए लोग देर रात तक पहुंच रहे हैं. नगरपालिका चौक और साहेबगंज रोड पर फुटपाथी दुकानदारों ने होली को और रंगीन बनाने के लिए ढेर सारे प्रोडक्ट्स बेचने के लिए दुकानें लगायी हैं.

फायर गन और हर्बल कलर की बढ़ी मांग

इस बार होली के लिए दुकानदारों ने लेटेस्ट मॉडल की पिचकारियां और होली के प्रोडक्ट्स मंगवाये हैं. पिचकारी की दुकानों पर फायर गन पिचकारी की खास डिमांड है, जिसकी कीमत तीन सौ से 12 सौ रुपये तक है. इसके अलावा 20 रुपये से लेकर दो सौ रुपये तक के गैलन गन, ट्रैप गन, पाइप गन, प्लेन पिचकारी, बोतल गन जैसी पिचकारियां भी उपलब्ध हैं. इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के मुखौटे और मेकअप के सामान भी बाजार में बिक रहे हैं, जो होली के उत्सव को और रंगीन बनाने में मदद कर रहे हैं.

भोजपुरी लोकगीतों का बढ़ा असर, जोगीरा की मस्ती में रंगे लोग

इस होली पर भोजपुरी लोकगीतों का खुमार लोगों पर चढ़ चुका है. बाबा हरिहर नाथ सोनपुर में रंग लूटे जैसे कई लोकगीतों के धुन पर लोग मस्त हो रहे हैं. फिल्मी गानों और डीजे की धुनों ने भी होली के रंगों में रंगत डाल दी है. गांवों में लोग जोगीरा की मस्ती में मग्न हो चुके हैं और होली के सेलिब्रेशन को खास बनाने के लिए कई स्थानों पर युवाओं द्वारा डीजे के साथ डांस का आयोजन भी किया जायेगा. हालांकि, शहरी और ग्रामीण इलाकों में अश्लील गीत गाने या बजाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है. पुलिस ने इस बार होली के दौरान किसी भी तरह की अश्लीलता और अव्यवस्था को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >