सारण के दिघवारा में पट्टी पुल के पास सड़क सह बांध में तेज कटाव, दर्जनों गांवों पर मंडराया खतरा

मही नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण सारण के दिघवारा में पट्टी पुल के पास सड़क सह बांध में तेजी से कटाव हो रहा है. इस कटाव से दर्जनों गांवों का सड़क संपर्क भंग होने और बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. ग्रामीण तत्काल बचाव कार्य की मांग कर रहे हैं.

Mahi River Erosion: गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच मही नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है. इसके कारण सोनपुर-छपरा रेलखंड के बीच दिघवारा-शीतलपुर स्टेशन के बीच मही नदी से सटे पट्टी पुल रेलवे गुमटी नंबर 14 ए के दक्षिणी हिस्से में सड़क सह बांध में तेजी से कटाव हो रहा है. पिछले दो दिनों से कटाव की रफ्तार काफी बढ़ गयी है, जिससे आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी है.

कटाव बढ़ा तो दर्जनों गांवों का सड़क संपर्क हो सकता है भंग

ग्रामीणों का कहना है कि यदि कटाव की रफ्तार इसी तरह बनी रही तो पट्टी पुल की ओर से मलखाचक, बरुआ, लक्ष्मीपुर ककड़ियां, फरहदा, मिल्की, पिपरा, रामदासचक, बरबन्ना समेत दर्जनों गांवों का सड़क संपर्क भंग हो सकता है. लोगों को आशंका है कि सड़क पूरी तरह कटने की स्थिति में कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर सकता है.

हजारों लोगों का एनएच-19 और फोरलेन से कट सकता है संपर्क

ग्रामीणों के अनुसार, समय रहते बचाव कार्य नहीं कराया गया तो दर्जनों गांवों के हजारों लोगों का एनएच-19 और फोरलेन सड़क से संपर्क भी भंग हो सकता है. इससे आवागमन के साथ आवश्यक सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है.

रेलवे क्रॉसिंग के पास पहले भी हुई थी मिट्टी कटाई

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ माह पूर्व रेलवे की ओर से उक्त रेलवे क्रॉसिंग के समीप सड़क से काफी नीचे नयी गुमटी का निर्माण कराया गया था. निर्माण के दौरान सड़क सह बांध के निचले हिस्से से जेसीबी के माध्यम से मिट्टी की कटाई की गयी थी. ग्रामीणों के अनुसार, बाहर से मिट्टी मंगाने के बजाय उसी स्थान से मिट्टी की खुदाई कर उसे भरने का काम किया गया था.

इस संबंध में ग्रामीणों ने सोनपुर डीआरएम से लिखित शिकायत भी की थी, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई. अब मही नदी में पानी बढ़ने के साथ उसी स्थान पर कटाव तेज हो गया है.

डीएम से तत्काल बचाव कार्य शुरू कराने की मांग

ग्रामीणों ने सारण जिलाधिकारी से तत्काल बचाव एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द कटाव पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो दिघवारा प्रखंड के दो दर्जन से अधिक गांव प्रभावित हो सकते हैं.

बड़े वाहनों का परिचालन ग्रामीणों ने रुकवाया

फिलहाल सड़क के कटाव को देखते हुए ग्रामीणों ने उक्त रास्ते से बड़े वाहनों के परिचालन को रुकवा दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा किसी संभावित अनहोनी को टालने के लिए किया गया है. लोग सड़क संपर्क टूटने और बाढ़ के खतरे को लेकर चिंतित हैं.

इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >