जमीन हड़पने की साजिश में 1964 का फर्जी बैनामा, जांच में खुली पोल; सारण से नामजद अभियुक्त गिरफ्तार

सारण में जमीन हड़पने की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है, जहां 1964 के फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल किया गया. इस मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Saran News : कूटरचना और धोखाधड़ी कर जमीन हड़पने की नीयत से जाली दस्तावेज प्रस्तुत करने के मामले में पुलिस ने एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्त महम्मदपुर गांव निवासी शुभनाथ भगत बताया जाता है. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया.

जमीन खरीदने के बाद दाखिल-खारिज के दौरान सामने आया मामला

महम्मदपुर गांव निवासी ओमप्रकाश कुशवाहा ने इस मामले में स्थानीय थाने में शुभनाथ भगत, मीरा देवी, लक्ष्मण कुमार और चंदन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी के अनुसार ओमप्रकाश कुशवाहा ने 27 जनवरी 2025 को महम्मदपुर गांव निवासी श्रीभगवान प्रसाद से 2 कट्ठा 1 धुर 10 धुरकी जमीन बैनामा लिखवायी थी.

जांच में फर्जी निकला 1964 का दस्तावेज

जमीन के दाखिल-खारिज के लिए जब ओमप्रकाश कुशवाहा ने अंचल कार्यालय में आवेदन दिया, उसी दौरान आरोपितों ने दस्तावेज संख्या 1961, दिनांक 11 मार्च 1964 प्रस्तुत किया. आरोपितों की ओर से दावा किया गया कि उक्त जमीन उनके पूर्वजों ने पूर्व में बैनामा के माध्यम से खरीदी थी.

निबंधन कार्यालय छपरा से करायी गयी जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचल कार्यालय ने आरोपितों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज की जांच निबंधन कार्यालय छपरा से करायी. जांच के दौरान प्रस्तुत कागजात फर्जी पाया गया. इसके बाद सीओ कार्यालय की ओर से जारी पत्र के आलोक में शिकायतकर्ता ओमप्रकाश कुशवाहा ने 22 जुलाई 2026 को स्थानीय थाने में कूटरचना और धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी.

एक अन्य नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही थी. इसी क्रम में पुलिस ने नामजद अभियुक्त शुभनाथ भगत को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नागेंद्र ओझा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >