Saran News : पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित 55वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय मशरक के खिलाड़ियों ने कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. टीम के इस प्रदर्शन से विद्यालय प्रशासन, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है.
फाइनल में वाराणसी रीजन से हुआ रोमांचक मुकाबला
बालक अंडर-14 आयु वर्ग के कबड्डी फाइनल में पटना रीजन और वाराणसी रीजन के बीच मुकाबला खेला गया. पटना रीजन का प्रतिनिधित्व कर रही केंद्रीय विद्यालय मशरक की टीम ने पूरे मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन किया. हालांकि रोमांचक मुकाबले में वाराणसी रीजन ने 45-43 के अंतर से जीत दर्ज की और मशरक की टीम महज दो अंकों से स्वर्ण पदक जीतने से चूक गई. इसके बावजूद टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया.
लगातार छह मुकाबले जीतकर फाइनल में बनाई जगह
पटना रीजन की ओर से खेलते हुए मशरक के खिलाड़ियों ने लगातार छह मुकाबलों में जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया था. प्रत्येक मैच में खिलाड़ियों ने अनुशासन, फिटनेस और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया. फाइनल में भी टीम ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन मामूली अंतर से स्वर्ण पदक से वंचित रह गई. खिलाड़ियों के जुझारूपन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सभी ने सराहना की.
तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय केवीएस टीम में चयन
टीम के कोच पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मशरक के शारीरिक शिक्षक अंशु कुमार रहे. टीम में आशीष राज, डुग्गू कुमार, प्रिंस कुमार, अमरीश राय, नफीश मजहर, विवेक कुमार, मुकेश कुमार, ऋषि हंस, आरिफ राजा और शिवम कुमार शामिल थे. इनमें से तीन खिलाड़ियों का चयन एसजीएफआई प्रतियोगिता में भाग लेने वाली केंद्रीय विद्यालय संगठन की राष्ट्रीय टीम के लिए किया गया है.
विद्यालय और अभिभावकों में खुशी का माहौल
रविवार को जैसे ही विद्यालय प्रशासन और खिलाड़ियों के परिजनों को टीम की इस उपलब्धि की जानकारी मिली, खुशी का माहौल बन गया. विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया.
Also Read : 'जल जीवन हरियाली महोत्सव' की शुरुआत, 15 दिनों में 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य
