Lieutenant Colonel: सारण जिले के परसा विधानसभा क्षेत्र के दरियापुर प्रखंड स्थित बारवे गांव के लिए सोमवार का दिन गर्व और गौरव का रहा. बारवे गांव निवासी किशु सिंह ने यूपीएससी सीडीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर लेफ्टिनेंट कर्नल पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. सफलता की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गयी. घर पहुंचने पर किशु सिंह का फूल-माला, गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया.
प्रारंभिक शिक्षा के बाद शुरू की सीडीएस की तैयारी
किशु सिंह ने प्रारंभिक शिक्षा हैरिटेज स्कूल, सोनपुर से पूरी की. इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई पटना और बोकारो से की. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने यूपीएससी सीडीएस की तैयारी शुरू की. कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने परीक्षा में सफलता हासिल की.
परिवार के अनुसार किशु ने इससे पहले भी कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की थी. हालांकि, देश सेवा का जज्बा उन्हें सेना की ओर ले गया और उन्होंने सीडीएस की तैयारी कर सेना में जाने का लक्ष्य बनाया.
ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर मनायी खुशी
किशु सिंह की सफलता की जानकारी मिलते ही बारवे गांव और आसपास के इलाके में खुशी का माहौल बन गया. सोमवार को जब किशु घर पहुंचे, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनका फूल-माला पहनाकर स्वागत किया. इस दौरान गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का इजहार किया गया. ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर उनकी सफलता का जश्न मनाया.
परिवार में भी खुशी का माहौल
किशु सिंह के पिता व्यवसायी हैं, जबकि माता गुड्डी देवी गृहिणी हैं. उनके दो भाई हैं. बड़े भाई गोल्डी कुमार सिंह व्यवसाय करते हैं. किशु की सफलता से परिवार के सभी सदस्य उत्साहित हैं.
इस अवसर पर दादा योगेंद्र प्रसाद सिंह, चाचा एवं दरियापुर प्रखंड पूर्वी भाजपा मंडल अध्यक्ष रामानंद सिंह, सोनू सिंह, अमित कुमार सिंह, पप्पू कुमार सिंह सहित अन्य परिजनों ने खुशी जतायी और किशु को बधाई दी.
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
किशु सिंह की सफलता पर पूर्व विधायक छोटेलाल राय, परसा प्रमुख सविता देवी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश सिंह, महामंत्री सुजीत कुमार शर्मा, पूर्व जिला मंत्री अनिल सिंह, परसा पूर्वी मंडल अध्यक्ष अजय नाथ पुरी, पंकज कुमार सिंह, मंत्री संतोष शर्मा, लाल बाबू गुप्ता, चंदन सिंह, अर्जुन सिंह, गया सिंह और अखिलेश कुमार समेत अन्य लोगों ने बधाई दी. सभी ने किशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
ग्रामीणों का कहना है कि किशु सिंह की उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को सेना में जाने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने की प्रेरणा मिलेगी.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
