जेपी विश्वविद्यालय में स्नातक नामांकन का पहला चरण पूरा, 17 हजार से अधिक छात्रों ने लिया दाखिला

Saran News: जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है, जिसमें 17 हजार से अधिक छात्रों ने अपना स्थान सुनिश्चित किया है. जो छात्र पहली सूची में नाम आने के बावजूद नामांकन नहीं करा सके, उनके आवेदन रद्द कर दिए गए हैं.

Saran News: जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्नातक सत्र 2026-30 में दाखिले के लिए पहले चरण की प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गयी. विश्वविद्यालय ने पहली मेधा सूची में कुल 23 हजार छात्र-छात्राओं का नाम जारी किया था. जिसमें से देर शाम तक 17 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने आवंटित कॉलेजों में भौतिक सत्यापन कराकर अपना नामांकन सुनिश्चित कराया.

छूट गए छात्रों के आवेदन रद्द

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहली लिस्ट में शामिल जिन छात्र-छात्राओं ने अपना नामांकन निर्धारित अवधि में नहीं कराया है, उनके दावों और आवेदनों को अब पूरी तरह रद्द समझा जायेगा. इन खाली रह गईं सीटों पर मेधा क्रम के अनुसार शेष बचे हुए आवेदकों को दूसरी लिस्ट में प्राथमिकता के आधार पर मौका दिया जायेगा. इसके लिए तेजी से तैयारी चल रही है.

तीन जिलों के कॉलेजों में भीड़

छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ राणा विक्रम सिंह ने कहा कि बुधवार को देर शाम तक सभी अंगीभूत व संबद्ध कॉलेजों में नामांकन की प्रक्रिया चलती रही. उन्होंने बताया कि छपरा, सीवान व गोपालगंज के महाविद्यालयों से शाम चार बजे तक मिले आंकड़ों के अनुसार 17 हजार के करीब दाखिले हो चुके हैं. फाइनल समेकित आंकड़ा सभी प्रपत्रों की स्क्रूटनी के बाद जारी किया जायेगा.

खाली सीटों का मांगा ब्योरा

विश्वविद्यालय ने नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत सभी कॉलेजों के प्राचार्यों से रिक्त रह गईं बची हुई सीटों का विषयवार ब्योरा तुरंत मांगा है. जिससे सेकेंड मेरिट लिस्ट को पारदर्शी तरीके से तैयार करने में तकनीकी आसानी हो सके. बुधवार को अंतिम दिन होने के कारण शहर के राजेंद्र कॉलेज, जगदम कॉलेज और राम जयपाल कॉलेज में सुबह से ही छात्र-छात्राओं की भारी भीड़ जुटी रही.

50 हजार सीटों पर होगा दाखिला

विदित हो कि जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत तीनों जिलों के अंगीभूत व संबद्ध महाविद्यालयों में कला, विज्ञान तथा वाणिज्य संकाय के अंतर्गत कुल 50 हजार सीटों पर दाखिला होना है. पहले चरण में 17 हजार सीटों पर दाखिला हो चुका है. ऐसे में अभी भी 33 हजार के करीब सीटें विभिन्न मुख्य विषयों में खाली उपलब्ध हैं, जिन पर मेधा सूची के आधार पर दाखिला होगा.

प्रमुख विषयों में कम प्रतिस्पर्धा

दिलचस्प तथ्य यह है कि इस वर्ष स्नातक में नामांकन के लिए कुल 40 हजार छात्र-छात्राओं ने ही ऑनलाइन अप्लाई किया है. ऐसे में कुल सीटों की तुलना में आवेदकों की संख्या कम होने के कारण कई प्रमुख विषयों में नामांकन को लेकर कोई कड़ी प्रतिस्पर्धा नहीं दिख रही है. छात्र कल्याण विभाग के अनुसार सेकेंड लिस्ट में भी करीब 20 हजार छात्र-छात्राओं का नाम जारी किया जायेगा.

अंत में मिलेगा स्पॉट एडमिशन

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस वर्ष भी पहली, दूसरी व तीसरी मेधा सूची के चरणबद्ध तरीके से जारी होने के उपरांत यदि सीटें खाली बचती हैं, तो छात्रों को स्पॉट एडमिशन का अंतिम विकल्प दिया जायेगा. गत वर्ष भी स्पॉट एडमिशन के अंतर्गत करीब पांच हजार छात्र-छात्राओं ने रिक्तियों के अनुसार अपना मुख्य विषय बदलकर विभिन्न कॉलेजों में दाखिला कराया था.

Also Read: सारण के जलालपुर पहुंचे नीतीश कुमार, पंडित महेंद्र मिश्र की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat kiran himanshu

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >