बिना परीक्षा दिए DigiLocker पर जारी हो गया रिजल्ट, JP University की तकनीकी चूक से मचा हड़कंप

JP University DigiLocker Result: जयप्रकाश विश्वविद्यालय में बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है. स्नातक थर्ड सेमेस्टर 2024-28 का परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान छात्र को DigiLocker पर पहले ही रिजल्ट दिखने लगा. विश्वविद्यालय ने जांच के आदेश दिए हैं.

JP University DigiLocker Result: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) में अंक पत्र और परीक्षा परिणाम से जुड़ी गड़बड़ियों का एक और मामला सामने आया है. इस बार स्नातक थर्ड सेमेस्टर (सत्र 2024-28) की परीक्षा से पहले ही छात्र का परिणाम DigiLocker पर अपलोड होने का मामला सामने आया है. जबकि इसी सेमेस्टर की परीक्षा के लिए फिलहाल ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरे जा रहे हैं.

APAR ID डालते ही सामने आया रिजल्ट

गंगा सिंह कॉलेज के स्नातक छात्र कंचन कुमार, जो अर्थशास्त्र विषय से पढ़ाई कर रहे हैं, थर्ड सेमेस्टर का परीक्षा फॉर्म भरने पहुंचे थे. फॉर्म भरने के दौरान जैसे ही उन्होंने अपनी APAR ID दर्ज की, DigiLocker पर उन्हें थर्ड सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम दिखाई देने लगा. जबकि इस सेमेस्टर की परीक्षा अभी हुई ही नहीं है.

छात्र संगठनों ने उठाए गंभीर सवाल

इस घटना के सामने आने के बाद छात्र संगठनों ने इसे विश्वविद्यालय की गंभीर लापरवाही और बड़ी तकनीकी गड़बड़ी बताया है. उन्होंने परिणाम जारी करने वाली संबंधित एजेंसी के कार्यों पर तत्काल रोक लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.

परीक्षा विभाग पहुंचा छात्र, दर्ज कराई शिकायत

पीड़ित छात्र मंगलवार को विश्वविद्यालय पहुंचा और परीक्षा विभाग के अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया. घटना की जानकारी फैलने के बाद कई अन्य छात्रों ने भी अपनी APAR ID के माध्यम से DigiLocker पर अपनी शैक्षणिक जानकारी जांचनी शुरू कर दी.

शोध छात्र संगठन ने जताई चिंता

शोध छात्र संगठन के नेता गुलशन यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय में लगातार इस तरह की गलतियां सामने आ रही हैं. इससे छात्रों के भविष्य और करियर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की.

परीक्षा नियंत्रक बोले- तकनीकी त्रुटि, जल्द होगा समाधान

परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही जांच के आदेश दे दिए गए हैं. संबंधित छात्र से जानकारी लेने के बाद DigiLocker से गलत तरीके से प्रदर्शित परिणाम हटाने और आवश्यक तकनीकी सुधार के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि यह एक तकनीकी त्रुटि है और जल्द ही इसका समाधान कर लिया जाएगा.

Also Read: बिहार के कलाकारों की चमकेगी किस्मत, अब मुंबई से ही होंगे बुक, घर बैठे फिल्म में मिलेगा काम



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat kiran himanshu

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >