उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट के पूर्व विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर जनता दल (यूनाइटेड) के सारण जिले के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. नेताओं ने दिवंगत पूर्व विधायक के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
शोक संतप्त परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
जदयू नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक के पुत्र प्रिंस युकेश, छात्र शक्ति इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रमेश सिंह और अन्य शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की. नेताओं ने परिजनों के साथ बैठकर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया.
'राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति'
शोक व्यक्त करते हुए जदयू नेताओं ने कहा कि पूर्व विधायक उमाशंकर सिंह एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और जनप्रिय नेता थे. उनका निधन राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उन्होंने अपने संपूर्ण सार्वजनिक जीवन में समाज के दबे-कुचले वर्गों के उत्थान और क्षेत्र के विकास के लिए अविस्मरणीय योगदान दिया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा.
श्रद्धांजलि देने वालों में ये प्रमुख नेता रहे शामिल
श्रद्धांजलि अर्पित करने और शोक संवेदना प्रकट करने वालों में मुख्य रूप से जदयू नेता अजय सिंह, जदयू सारण जिला प्रवक्ता ब्रजेश कुमार, अभिषेक राज सिंह, अंकित सिंह, जटाशंकर सिंह एवं विकास कुमार शाही सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
Also Read: जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातक द्वितीय, फिफ्थ सेमेस्टर की परीक्षा फॉर्म भरने का शेड्यूल जारी
