Saran News : मढ़ौरा थाना क्षेत्र के ओल्हनपुर गांव में पूर्व में छापेमारी के दौरान जब्त किए गए भारी मात्रा में अवैध पटाखे, बारूद और विस्फोटक सामग्री को मंगलवार को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया. थाना परिसर से सटे खेल मैदान के समीप न्यायालय से प्राप्त आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गयी. विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया मढ़ौरा अंचल अधिकारी सह दंडाधिकारी कृष्ण कुमार सौरभ की प्रत्यक्ष देखरेख में संपन्न हुई.
कोर्ट के आदेश के बाद नष्ट किए गए विस्फोटक
जब्त विस्फोटक सामग्रियों को लंबे समय तक थाने में रखना सुरक्षा की दृष्टि से जोखिम भरा था. इसी को देखते हुए न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद मंगलवार को कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच इन्हें नष्ट किया गया. इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे.
ओल्हनपुर में हुई थी बड़ी छापेमारी
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 13 और 14 अक्टूबर 2025 को ओल्हनपुर गांव में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्रियों और घरों में छापेमारी की थी. कार्रवाई तत्कालीन दंडाधिकारी सह सीओ अंबपाली यादव और तत्कालीन थानाध्यक्ष अजय कुमार की मौजूदगी में की गयी थी.
बारूद से लेकर सैकड़ों डिब्बे पटाखे मिले थे
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में एल्युमिनियम पाउडर, गंधक, कोयला, सुतली, कच्चे बम, निर्मित और अधबने पटाखे बरामद किए थे. इसके अलावा विभिन्न ब्रांडेड और गैर-ब्रांडेड पटाखों के सैकड़ों डिब्बे भी जब्त किए गए थे.
मुख्य आरोपितों पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामले में पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी संख्या 691/25 दर्ज की थी. पुलिस ने औरंगजेब उर्फ फिरंगी, शमशाद अली समेत अन्य के खिलाफ नामजद कार्रवाई की थी. मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार भी किया गया था.
कई ट्रैक्टर-ट्रेलर में लादकर ले जाया गया सामान
मंगलवार को जब्त विस्फोटक सामग्री को कई ट्रैक्टर-ट्रेलरों में लादकर विनष्टीकरण स्थल तक पहुंचाया गया. सुरक्षा के मद्देनजर सामग्री को पानी से भरे गड्ढे में रखा गया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरी तरह नष्ट किया गया.
जेसीबी से मिट्टी डालकर ढंका गया गड्ढा
विनष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेसीबी की मदद से गड्ढे में मिट्टी डालकर उसे ढंक दिया गया. पूरी कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया.
डीएसपी और थानाध्यक्ष समेत अधिकारी रहे मौजूद
विनष्टीकरण के दौरान डीएसपी सविंदर कुमार दास, मढ़ौरा थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. प्रशासन की ओर से दंडाधिकारी कृष्ण कुमार सौरभ ने पूरी कार्रवाई की निगरानी की.
