छपरा. नगर निगम क्षेत्र के सबसे अधिक अतिक्रमण वाले क्षेत्र छपरा जंक्शन रोड में तीसरे दिन भी शुक्रवार को जिलाधिकारी के आदेश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. अभियान का असर ऐसा रहा की पूरे जंक्शन रोड में दुकानदारों के बीच अफरा तफरी मची रही. जितने भी दुकानदार अपने दुकान से बाहर सामान सजाए हुए थे सभी अपना सामान हटाते दिखे. सड़क पर बीचो-बीच ठेला खुमचा लगाये दुकानदार मिनट भर में फुर्र हो गये. हालांकि कई स्थानीय लोगों ने बताया कि जो जिला परिषद का मार्केट है, उसमें बरामदा लोगों को जाने के लिए छोड़ा गया है दुकानदारों ने इसे कब्जा कर लिया है इसे भी खाली कराया जाना चाहिए. जानकारी हो स्वच्छता पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक जिलाअधिकारी ने भी इसी महीने अभियान चला कर जंक्शन रोड को खाली कराया है. लेकिन दुकानदार है कि मानने को तैयार नहीं है ऐसे में प्रशासन अब कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है. 12 दुकानदारों पर पांच सौ का जुर्माना लगा दिया गया है.
जंक्शन रोड में रोज चलेगा अभियान
नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडे ने बताया कि भगवान बाजार रोड और जंक्शन रोड में रोज अभियान चलाया जाएगा, ताकि इसका निदान स्थाई तौर पर हो सके. जो लोग नहीं मानेंगे उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी अमन समीर और एसडीओ लक्ष्मण तिवारी का सख्त आदेश है कि शहर की सड़कों पर अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. इसी कड़ी में यह अभियान शुरू किया गया है. तीसरी दिन के अभियान में 20 दुकानदारों पर कार्रवाई हुई और उनके सामान हटाये गये. आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. एक बार की कार्रवाई के बाद भी यदि वह दुकानदार दोबारा दुकान लगता है तो उसे पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के मामले में सख्त रूप अपनाया है.
प्रभात खबर ने प्रशासन का ध्यान किया था आकृष्ट
पाठकों का लोकप्रिय अखबार प्रभात खबर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के छपरा में प्रगति यात्रा के आगमन के पहले से लेकर लगातार अतिक्रमण को लेकर खबर प्रकाशित की जा रही है. उस समय तो प्रशासन ने सड़क को क्लियर कर लिया लेकिन अतिक्रमण वाले क्षेत्र पर कार्रवाई करना बाकी था. डीएम ने 6 जनवरी के डेट में सदर एसडीओ को पत्र जारी किया और सदर एसडीओ ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस की तैनाती कर दी और अतिक्रमण हटाने के लिए 14 जनवरी की तिथि मुकर्रर कर दी थी. उस दिन भी कार्रवाई हुई थी. फिलहाल फरवरी में लगातार अभियान चल रहा है जिसका असर देखने को मिल रहा है.क्या कहते हैं अधिकारी
जिलाधिकारी के आदेश पर अभियान चलाया गया है, यह नियमित अभियान चलेगा. एक दो बार के कार्रवाई के बाद भी यदि दुकानदार नहीं मानेंगे, तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी.सुनील कुमार पांडे, नगर आयुक्त ,छपरा नगरनिगमडिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
