Saran News : अतिथि सहायक प्राध्यापकों की सेवा 65 वर्ष की आयु तक जारी रखने और सेवा सामंजन की मांग को लेकर जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा अतिथि सहायक अध्यापक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पटना स्थित लोक भवन में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार से मुलाकात की. इस दौरान अतिथि सहायक प्राध्यापकों की समस्याओं और उनकी मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.
कमेटी गठन को लेकर हुई अहम चर्चा
प्रतिनिधिमंडल ने सेवा सामंजन के लिए उच्चस्तरीय कमेटी के शीघ्र गठन की मांग रखी. मुलाकात के दौरान कमेटी के गठन और इसके बाद होने वाली प्रक्रिया को लेकर भी विस्तार से बातचीत हुई. अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कमेटी का गठन जल्द किया जाएगा और इसके बाद आवश्यक कार्रवाई भी शुरू की जाएगी.
हजारों अतिथि प्राध्यापकों के लिए उम्मीद की किरण
संघ के सदस्य डॉ. इंद्रकांत बबलू ने राजभवन की ओर से मिले आश्वासन पर प्रसन्नता जतायी. उन्होंने कहा कि उच्चस्तरीय कमेटी के शीघ्र गठन का भरोसा बिहार के हजारों अतिथि सहायक प्राध्यापकों के लिए उम्मीद और विश्वास का विषय है. लंबे समय से सेवा संबंधी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे शिक्षकों को इस पहल से सकारात्मक परिणाम की उम्मीद जगी है.
शांतिपूर्ण तरीके से मांग जारी रखने का फैसला
डॉ. इंद्रकांत बबलू ने कहा कि संघ अपनी मांगों को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाता रहेगा. उन्होंने कहा कि अतिथि सहायक प्राध्यापकों की सेवा 65 वर्ष तक जारी रखने और सेवा सामंजन की मांग को लेकर संघ आगे भी अपनी बात मजबूती से रखेगा.
प्रतिनिधिमंडल में ये शिक्षक रहे शामिल
राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा अतिथि सहायक अध्यापक संघ के अध्यक्ष डॉ. हरिमोहन कुमार, डॉ. धीरज कुमार, डॉ. साने अली और डॉ. अजय कुमार शामिल रहे. प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की सेवा से जुड़े मुद्दों पर जल्द निर्णय की उम्मीद जतायी.
