Maha Rudrabhishek: गड़खा प्रखंड क्षेत्र की कुदरबाधा पंचायत स्थित कुदरबाधा भगवती स्थान परिसर में महा रुद्राभिषेक को लेकर सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया. श्रद्धालु लाल और पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लेकर गाजे-बाजे के साथ यात्रा में शामिल हुए.
कलश यात्रा कुदरबाधा भगवती स्थान से शुरू होकर मुरा बसंत, मिर्जापुर और प्रतापपुर गांव होते हुए आमी गंगा घाट पहुंची. यहां विद्वान आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में गंगाजल भरा. इस दौरान हर-हर महादेव, जय श्रीराम और जय गंगे के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया.
गंगाजल लेकर श्रद्धालु वापस कुदरबाधा गांव स्थित मां भगवती स्थान पहुंचे. करीब 10 बजे महा रुद्राभिषेक पूजन कार्यक्रम शुरू हुआ. आचार्य शिवम मिश्रा सहित अन्य आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना करायी.
महा रुद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान से भगवती स्थान परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा. आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
