छपरा में 9 दिन बाद सफाई शुरू, पहले दिन 60% कचरा ही उठा; 45 वार्डों में गंदगी, दो दिन में सफाई का दावा

छपरा नगर निगम में हड़ताल खत्म होने के बाद सफाई अभियान शुरू. पहले दिन 60 फीसदी कचरा उठा, स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर को साफ करने का लक्ष्य.

Saran News: नगर निगम कर्मियों की 9 दिनों से जारी हड़ताल गुरुवार को समाप्त होने के बाद शुक्रवार से निगम क्षेत्र में साफ-सफाई का कार्य शुरू हुआ. हालांकि, 9 दिनों का कचरा जमा होने के कारण पहले दिन महज 60 फ़ीसदी कूड़े का ही उठाव हो सका. अधिकारियों के अनुसार पूरे शहर से कचरा हटाने में कम से कम दो से तीन दिन और लगेंगे. फिलहाल कई मोहल्लों में कचरा न उठने से गंदगी बरकरार है और आम लोग परेशान हैं. नगर निगम 24 घंटे के अंदर स्वतंत्रता दिवस समारोह की साफ-सफाई को लेकर एक विशेष आदेश जारी करेगा, जिसके बाद सफाई अभियान में और तेजी आने की उम्मीद है.

स्वतंत्रता दिवस को लेकर क्विक रिस्पांस टीम का होगा गठन

निगम अधिकारियों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. इसके लिए अगले 24 घंटे के भीतर आदेश निर्गत कर पूरे क्षेत्र को सेक्टर और जोन में बांटा जाएगा. प्रत्येक वार्ड के लिए एक 'क्विक रिस्पांस टीम' का गठन किया जाएगा, जो सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर सफाई सुनिश्चित करेगी.

45 वार्ड और 400 मुख्य चौक-चौराहों की सफाई बनी बड़ी चुनौती

नगर निगम के सामने 9 दिनों से बाधित सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना एक बड़ी चुनौती है. शहर के 43 मुख्य नाले और सभी 45 वार्डों के 400 से अधिक मुख्य चौक-चौराहे पूरी तरह गंदे हो चुके हैं. सफाई कार्य के लिए निगम के अपने 350 कर्मियों और सफाई एजेंसी के लगभग 700 कर्मियों को अभियान में लगाया गया है. हालांकि सफाई एजेंसी की कार्यावधि समाप्त हो चुकी है, लेकिन नई एजेंसी का चयन होने तक इसी एजेंसी से काम लिया जाएगा.

सफाई व्यवस्था और संसाधन: एक नजर में

  • कुल वार्ड: 45
  • मुख्य चौक-चौराहे: 400 से अधिक
  • सड़कें: 12 मुख्य सड़कें एवं 800 से अधिक ब्रांच सड़कें
  • मानवबल: 350 निगम सफाई कर्मी एवं लगभग 700 सफाई एजेंसी कर्मी
  • वाहनों की स्थिति: 150 ट्रैक्टर व कूड़ा वाहनों की आवश्यकता के मुकाबले 80 से 90 वाहन ही उपलब्ध
  • सुरक्षा उपकरण: सफाई कर्मियों के पास सुरक्षा उपकरणों की भारी कमी, केवल 50% के पास ही ड्रेस उपलब्ध

क्या बोले नगर आयुक्त

"दो दिनों के अंदर शहर का पूरा कचरा उठवा लिया जाएगा और ड्रेनेज की सफाई कराई जाएगी. स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर 24 घंटे के अंदर एक विस्तृत आदेश पत्र जारी होगा, जिसके अनुसार सभी कर्मियों को युद्ध स्तर पर अभियान चलाना होगा." — रंजीत कुमार, नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम

Also Read: छपरा में किडनी मरीजों को बड़ी राहत, मढ़ौरा-सोनपुर में शुरू हुई डायलिसिस सेवा; अब 3 सरकारी अस्पतालों में सुविधा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >