कचहरी स्टेशन के पास हुए इंजीनियर हत्याकांड का खुलासा, पांच अभियुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार

नगर थाना क्षेत्र के कचहरी स्टेशन रेलवे कॉलोनी के समीप हुए चर्चित इंजीनियर विकास कुमार तिवारी हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है.

छपरा. नगर थाना क्षेत्र के कचहरी स्टेशन रेलवे कॉलोनी के समीप हुए चर्चित इंजीनियर विकास कुमार तिवारी हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर गठित एसआइटी और नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गये बदमाशों के पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किये गये हैं. एसएसपी राम पुकार सिंह ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि बीते 27 जनवरी को अपराधियों ने लूटपाट के दौरान इंजीनियर विकास कुमार तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर अपराधियों को ट्रेस किया. इसके बाद पुलिस ने सबसे पहले दो अभियुक्तों को अवैध हथियार के साथ दबोचा. उनकी निशानदेही पर तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया. अपराधियों के पास से एक देसी पिस्टल, एक कट्टा और कारतूस बरामद किये गये हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी आरोपितों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलायी जायेगी. गिरफ्तार अभियुक्तों में बिलाल आलम उर्फ छोटू, फिरोज आलम, नितेश कुमार, रिशु कुमार और रितिक कुमार शामिल हैं. वहीं एसएसपी ने घोषणा की है कि इस महत्वपूर्ण खुलासे में सहयोग करने वाले सूचनादाताओं को पुरस्कृत किया जायेगा. इस सफल कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार व एसआईटी की टीम शामिल रही.

स्मैक के नशे में दिया गया था वारदात को अंजाम

हत्याकांड की परतें खोलते हुए पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त सभी अपराधी कचहरी स्टेशन के पास एक खंडहरनुमा मकान में बैठकर स्मैक पी रहे थे. तभी इंजीनियर विकास तिवारी स्टेशन से उतरकर अपने घर की ओर जा रहे थे. सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और बैग छीनने की कोशिश की. विकास द्वारा विरोध किये जाने पर अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >