छपरा सदर अस्पताल में एक साल से बंद ब्लड कंपोनेंट मशीन, 11 सितंबर से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह

छपरा सदर अस्पताल में एक साल से बंद ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन को शुरू कराने के लिए फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया 11 सितंबर से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू करेगा।

Saran News : सदर अस्पताल, छपरा में करीब एक वर्ष से उपलब्ध ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन का संचालन शुरू नहीं होने को लेकर अब विरोध तेज हो गया है. जनहित के इस मुद्दे पर लगातार मांग और प्रयास के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से सामाजिक संस्था फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया ने आंदोलन को निर्णायक चरण में ले जाने का फैसला किया है. संगठन ने 11 सितंबर से नगरपालिका चौक, छपरा पर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू करने की घोषणा की है.

मशीन उपलब्ध, फिर भी मरीजों को नहीं मिल रहा लाभ

फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया ने प्रेस वार्ता में कहा कि सदर अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन उपलब्ध होने के बावजूद पिछले एक वर्ष से उसका संचालन शुरू नहीं किया गया है. संगठन का कहना है कि यह स्थिति स्वास्थ्य व्यवस्था की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक उदासीनता पर गंभीर सवाल खड़े करती है.

रक्त की जरूरत वाले मरीजों के लिए ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. एक यूनिट रक्त को अलग-अलग कंपोनेंट में विभाजित कर जरूरत के अनुसार मरीजों को उपलब्ध कराया जा सकता है. ऐसे में अस्पताल में मशीन उपलब्ध होने के बावजूद उसका इस्तेमाल नहीं होना मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ा रहा है.

11 सितंबर से नगरपालिका चौक पर शुरू होगा सत्याग्रह

संगठन ने स्पष्ट किया है कि 11 सितंबर से नगरपालिका चौक पर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू किया जाएगा. फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया के अनुसार, जब तक सदर अस्पताल में उपलब्ध ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन का संचालन शुरू नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

संस्था का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत मांग के लिए नहीं, बल्कि मरीजों और आम लोगों के हित में किया जा रहा है. संगठन ने प्रशासन से तत्काल पहल कर मशीन को चालू कराने की मांग की है.

मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को भी सौंपा जा चुका है ज्ञापन

फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया ने बताया कि मशीन को चालू कराने को लेकर पहले भी कई स्तरों पर प्रयास किए जा चुके हैं. इस संबंध में बिहार के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गयी थी.

संगठन के अनुसार, लगातार मांग और ज्ञापन के बावजूद अब तक मशीन का संचालन शुरू नहीं होने के कारण आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है.

एक साल बाद भी सुविधा शुरू नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण

फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया के अध्यक्ष मंटू कुमार यादव ने कहा कि सदर अस्पताल में एक वर्ष से मशीन उपलब्ध है, लेकिन यदि वह मरीजों के काम नहीं आ रही है तो यह बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है. उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मशीन का संचालन जल्द शुरू किया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि संगठन तब तक सत्याग्रह जारी रखेगा, जब तक ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन को मरीजों के लिए चालू नहीं किया जाता.

प्रेस वार्ता में संगठन के सदस्य रहे मौजूद

प्रेस वार्ता के दौरान फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया के सचिव रणजीत कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश सिंह, प्रदेश सचिव मकेश्वर पंडित, मंजीत कुमार, अरुण कुमार दुबे, रंजन उपाध्याय समेत संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >