Saran News: जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने निर्वाचन सामग्री एवं ईवीएम/वीवीपैट के सुरक्षित रख-रखाव को लेकर वेयरहाउस का औचक व विस्तृत निरीक्षण किया. नियमित प्रशासनिक दायित्वों के तहत किए गए इस निरीक्षण के दौरान डीएम ने वेयरहाउस में निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण, आधुनिक सुरक्षा मानकों तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन का गहन जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, अग्निशमन उपकरणों की स्थिति, सुरक्षा बलों की चौबीसों घंटे तैनाती और लॉगबुक मेंटेनेंस की बारीकी से समीक्षा की.
सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया. साथ ही नियमित अंतराल पर वेयरहाउस के आंतरिक व बाहरी परिसरों की जांच और रखरखाव करने को कहा, ताकि निर्वाचन संबंधी सभी संसाधन पूरी तरह सुरक्षित रहें.
इस निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी, संबंधित कार्यपालक दंडाधिकारी और सुरक्षा प्रभारी सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे.
