डीएम व एसएसपी ने पहलेजा घाट और बाबा हरिहरनाथ मंदिर का किया निरीक्षण, सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश

श्रावणी मेले की अंतिम सोमवारी और अंतिम दिन श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को लेकर जिला पदाधिकारी और एसएसपी ने पहलेजा घाट और बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

Baba Harihar Nath Temple: श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी 24 अगस्त और मेला के अंतिम दिन 28 अगस्त को श्रद्धालुओं की संभावित अधिक भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से पहलेजा घाट तथा बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया. दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

पहलेजा घाट पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने पहलेजा घाट पर श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्ग, जल भरने के निर्धारित स्थल, स्नान घाट, ड्रेस चेंजिंग स्थल सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया. उन्होंने अंतिम सोमवारी और श्रावणी मेला के अंतिम दिन संभावित भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को पहले से सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया.

घाट क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण और सुचारू आवागमन के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग, पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया. इसके अलावा प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया.

हेल्थ कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था रखने का निर्देश

अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष तैयारी रखने का निर्देश दिया. घाट क्षेत्र में हेल्थ कैंप, चिकित्सा दल, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. साथ ही घाट और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई तथा कचरा उठाव की व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया.

बाबा हरिहरनाथ मंदिर में भीड़ प्रबंधन की समीक्षा

इसके बाद दोनों अधिकारियों ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्ग, कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तंत्र और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गयी.

जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतिम सोमवारी और श्रावणी मेला के अंतिम दिन संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों तथा पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए.

अगले दो दिनों तक विशेष सतर्कता के निर्देश

डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अगले दो दिनों तक विशेष सतर्कता बरतने और लगातार विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा.

सबलपुर दियारा में कटाव की स्थिति का लिया जायजा

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने कटाव प्रभावित सबलपुर दियारा क्षेत्र का भी भ्रमण किया. उन्होंने कटाव प्रभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि जहां कटाव की स्थिति है, वहां तत्काल बोरा और सैंडबैग उपलब्ध कराकर कटाव रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए. साथ ही राहत और बचाव से संबंधित सभी तैयारियां पूरी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन और मानव बल उपलब्ध रखने का निर्देश दिया.

सोनपुर के संबंधित पदाधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया.

सोनपुर अवर निबंधन कार्यालय का भी किया निरीक्षण

डीएम और एसएसपी ने सोनपुर अवर निबंधन कार्यालय का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निबंधन और रजिस्ट्री से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा संचिकाओं और अभिलेखों का अवलोकन किया.

उन्होंने निबंधन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि निबंधन और रजिस्ट्री से संबंधित प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी, सरल, सहज और नागरिक हितैषी बनाया जाए, ताकि आमजन को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध हो सकें.

प्रोटेस्ट की लाइव कवरेज यहां क्लिक कर पढ़ें : PhD होल्डर्स के प्रदर्शन के बाद दारोगा अभ्यर्थी भी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >