Chapra News : सदर अस्पताल में ठीक से सफाई नहीं होने से फैली गंदगी मरीजों के लिए बन रही मुसीबत

Chapra News : सदर अस्पताल में साफ-सफाई की बदहाल स्थिति ने मरीजों और उनके परिजनों के लिए समस्याएं खड़ी कर दी हैं.

छपरा. सदर अस्पताल में साफ-सफाई की बदहाल स्थिति ने मरीजों और उनके परिजनों के लिए समस्याएं खड़ी कर दी हैं. अस्पताल के आइसीयू विभाग के पास प्रसूति महिलाओं के गंदे कपड़े और मेडिकल वेस्ट को खुले में फेंकने से वहां तेज दुर्गंध फैल रही है, जिससे आने-जाने वाले मरीजों, उनके परिजनों और चिकित्सकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रसूति विभाग के पास कचरा फेंके जाने से अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. इस गंदगी और बदबू के कारण संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है, जिससे मरीजों की स्थिति और बिगड़ सकती है. खासकर नवजात शिशुओं और गर्भवती महिलाओं के लिए यह स्थिति अत्यधिक खतरनाक हो सकती है.अस्पताल में मेडिकल वेस्ट को सही तरीके से डिस्पोज न करने से कई तरह की बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है. इस्तेमाल किये गये सर्जिकल दस्ताने, पट्टियां, इंजेक्शन, ब्लड-सोखने वाले कपड़े और अन्य मेडिकल कचरे को सही तरीके से नष्ट करना बेहद जरूरी होता है, ताकि मरीजों और अस्पताल में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके, लेकिन सदर अस्पताल में इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न हो रही हैं.

अस्पताल प्रशासन की उदासीनता

अस्पताल में गंदगी और दुर्गंध की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाये गये हैं. मरीजों और उनके परिजनों ने कई बार अस्पताल प्रशासन से सफाई की व्यवस्था सुधारने की मांग की, लेकिन अब तक कोई विशेष कार्रवाई नहीं की गयी है.

समाधान के लिए आवश्यक कदम

इस समस्या को दूर करने के लिए अस्पताल प्रशासन को कुछ सख्त और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है. अस्पताल में मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम को सख्ती से लागू करना चाहिए, जिससे कचरे का निस्तारण उचित तरीके से हो सके और कोई भी मेडिकल वेस्ट खुले में न फेंका जाए. इसके साथ ही, अस्पताल परिसर की सफाई नियमित रूप से की जानी चाहिए और इसके लिए पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की नियुक्ति की जानी चाहिए. हालांकि, इस काम की जिम्मेदारी अब जीविका को सौंप दी गयी है, लेकिन प्रसूति वार्ड के आसपास डस्टबिन और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था न होने से स्थिति और भी बिगड़ी हुई है.

क्या कहते हैं अस्पताल प्रबंधक

अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए प्रतिदिन नये-नये कार्य किये जाते हैं. वहीं साफ-सफाई को लेकर भी सफाईकर्मियों को निर्देश दिया गया है. अगर कहीं गंदगी मिलती है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.

राजेश्वर प्रसाद, प्रबंधक सदर अस्पताल, छपरा

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >