Chapra News : सड़क किनारे कचरा डंप करने से बढ़ रही गंदगी, नाले हो रहे जाम

Chapra News : रिहायशी इलाकों में नियमित रूप से कचरे का उठाव नहीं होने से मुहल्लों व बाजारों में गंदगी बढ़ रही है.

छपरा. रिहायशी इलाकों में नियमित रूप से कचरे का उठाव नहीं होने से मुहल्लों व बाजारों में गंदगी बढ़ रही है. शहरी क्षेत्र के रिहायशी मुहल्लों में साफ-सफाई की व्यवस्था में अनियमितता बरती जा रही है. शहर के ऐसे दर्जनों मोहल्ले हैं जहां गंदगी का अंबार लगा हुआ है. वहीं नालों की उड़ाही नहीं होने के कारण कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. लग्न के कारण बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ रही है. उसके बाद भी सफाई की व्यवस्था में सुधार नहीं दिख रहा है. नगर निगम के पास बाजारों व मुहल्लों के साफ-सफाई को लेकर कोई निर्धारित शेड्यूल नहीं है. जिस कारण पूरे शहर में गंदगी का ग्राफ बढ़ता जा रहा है. जिन इलाकों में नगर निगम के सफाई कर्मी डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के लिए जाते हैं. वहां मुहल्लों से छोटी गाड़ियों से कचरा उठाने के बाद चौक चौराहों के अस्थायी डंपिंग जोन पर फेंक देते हैं. यहां से बड़ी सफाई गाड़ियों द्वारा जमा हुए कचरे का उठाव किया जाना होता है. लेकिन बड़ी गाड़ियां लेट से पहुंचती हैं. जिस कारण गंदगी सड़क पर चारों तरफ फैल जाती है.

कई प्रमुख चौक-चौराहों पर है गंदगी

शहर के गांधी चौक, साहेबगंज, सरकारी बाजार, गुदरी बाजार, भगवान बाजार, श्याम चौक, जोगिनिया कोठी, सलेमपुर, साढा बाजार आदि क्षेत्रों में स्थित मुहल्लों में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है. मुहल्ले के लोगों का कहना है कि नगर निगम द्वारा नियमित रूप से सफाई नहीं की जा रही है. लोगों ने कई बार फोन पर नगर निगम के अधिकारियों तथा संबंधित वार्ड के पार्षद को भी इसकी सूचना दी है. लेकिन सफाई कार्य में गति नहीं आ रही है. कई मुहल्लों में डोर टू डोर कलेक्शन में भी अनियमितता बरती जा रही है. निर्धारित समय पर नगर निगम के सफाई कर्मी कचरा कलेक्ट करने के लिए घरों तक नहीं आ रहे हैं. वहीं सड़कों को भी नियमित सफाई नहीं होने से धूल व मिट्टी हवा के साथ लोगों के घरों में प्रवेश कर रही है.

क्या कहते हैं मेयर

साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए गाइडलाइन जारी किया गया है. यदि कहीं अनियमितता है तो उसे दूर भी किया जायेगा. जहां भी अस्थायी डंपिंग जोन बने हैं. वहां से निर्धारित समय पर कचरा उठाव का निर्देश भी दिया गया है. नालों की उड़ाही चल रही है.लक्ष्मी नारायण गुप्ता, मेयर, छपरा नगर निगम

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >