Saran Nagar Nikay: सूबे के उपमुख्यमंत्री व सारण के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की बैठक हुई. सोनपुर प्रखंड स्थित प्लस टू सेमिनरी हाईस्कूल के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न नगर निकायों के गठन, उत्क्रमण और क्षेत्र विस्तार से संबंधित 15 प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गयी.
बैठक में सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार समेत जिले के कई जनप्रतिनिधि और विभिन्न नगर निकायों के पदाधिकारी मौजूद रहे. नगर निकायों से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान क्षेत्रफल, जनसंख्या, भौगोलिक स्वरूप और स्थानीय परिस्थितियों से जुड़ी जानकारी समिति के सदस्यों के समक्ष रखी गयी.
पंचायती राज पदाधिकारी ने रखी प्रस्तावों की जानकारी
बैठक के प्रारंभ में जिला पंचायती राज पदाधिकारी शशि कुमार ने नगर निकायों के गठन, उत्क्रमण और क्षेत्र विस्तार से संबंधित पूर्व में विभाग को भेजे गये प्रस्तावों के साथ दो नये प्रस्ताव भी समिति के समक्ष प्रस्तुत किये. इस दौरान प्रस्तावित नगर निकायों का क्षेत्रफल, जनसंख्या, भौगोलिक स्वरूप और नजरी नक्शा समेत अन्य संबंधित जानकारी सदस्यों को उपलब्ध करायी गयी.
उपमुख्यमंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने समिति के सदस्यों और संबंधित नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों से प्रस्तावों को लेकर तीन दिनों के अंदर सुझाव और आपत्ति से संबंधित आवेदन देने को कहा.
जनसंख्या और स्थानीय व्यवसाय को भी बनाया आधार
जिला पंचायती राज पदाधिकारी शशि कुमार ने बताया कि नगर निकायों के गठन और उत्क्रमण से संबंधित प्रस्ताव तैयार करते समय निर्धारित मानकों के साथ क्षेत्र की जनसंख्या, भौगोलिक स्वरूप तथा स्थानीय लोगों की मुख्य आजीविका और व्यवसाय को भी ध्यान में रखा गया है.
बताया गया कि सामान्य तौर पर नगर पंचायत के लिए 12 हजार से 40 हजार, नगर परिषद के लिए 40 हजार से दो लाख तथा नगर निगम के लिए दो लाख से अधिक जनसंख्या का मानक निर्धारित है.
इन प्रस्तावों पर हुई चर्चा
बैठक में छपरा नगर निगम के क्षेत्र विस्तार, सोनपुर नगर परिषद के क्षेत्र विस्तार और कई नये नगर निकायों के गठन से संबंधित प्रस्ताव रखे गये. इसके अलावा कुछ नगर पंचायतों को नगर परिषद में उत्क्रमित करने का प्रस्ताव भी शामिल था.
- नगर निगम छपरा - क्षेत्र विस्तार
- नगर परिषद सोनपुर - क्षेत्र विस्तार
- नगर पंचायत दरियापुर (बेला) - गठन
- नगर पंचायत तरैया - गठन
- नगर पंचायत बनियापुर - गठन
- नगर पंचायत इसुआपुर - गठन
- नगर पंचायत नगरा - गठन
- नगर पंचायत पानापुर - गठन
- नगर पंचायत गरखा - गठन
- नगर परिषद अमनौर - गठन
- नगर पंचायत रिविलगंज - नगर परिषद में उत्क्रमण
- नगर पंचायत मढ़ौरा - नगर परिषद में उत्क्रमण
- नगर पंचायत मकेर - गठन
- नगर पंचायत परसा - नगर परिषद में उत्क्रमण
- नगर पंचायत दिघवारा - नगर परिषद में उत्क्रमण
जनप्रतिनिधियों ने भी रखे अपने विचार
बैठक में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष सह सोनपुर विधायक विनय सिंह, तरैया विधायक जनक सिंह, विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह, वीरेंद्र नारायण यादव समेत समिति के अन्य सदस्यों ने भी विभिन्न बिंदुओं पर अपने विचार रखे.
इसके अलावा जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति से संबंधित जिला और अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे. बैठक से पहले जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने उपमुख्यमंत्री सह प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.
अगली बैठक पर टिकी नजर
नगर निकायों के गठन, क्षेत्र विस्तार और उत्क्रमण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के बाद अब संबंधित क्षेत्रों के लोगों की नजर आगे की प्रक्रिया पर है. तीन दिनों के भीतर सुझाव और आपत्ति लिये जाने के बाद प्रस्तावों पर आगे की विभागीय प्रक्रिया होगी. हालांकि, बैठक में चर्चा किये गये प्रस्तावों को अंतिम स्वीकृति नहीं माना गया है.
