सारण में इंसानियत हुई शर्मसार! सदर अस्पताल में रात भर नवजात के शव को नोंचते रहे कुत्ते, सोता रहा अस्पताल प्रशासन

Chhapra Sadar Hospital News: छपरा सदर अस्पताल परिसर में नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई. सीसीटीवी में कुत्ते द्वारा शव लाने की बात सामने आई, जबकि रातभर शव पड़े रहने से अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठे.

छपरा से हरि प्रकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Chhapra Sadar Hospital News: छपरा सदर अस्पताल परिसर में एक्स-रे विभाग के समीप एक नवजात का शव मिलने से हड़कंप मच गया. हैरानी की बात यह है कि नवजात का शव रविवार की रात से ही वहां पड़ा रहा, लेकिन सोमवार की सुबह करीब 10 बजे तक अस्पताल प्रशासन की नजर उस पर नहीं पड़ी. जानकारी के अनुसार, सुबह जब एक्स-रे विभाग में मरीजों की भीड़ बढ़ी, तब एक मरीज की नजर नवजात के शव पर पड़ी. इसके बाद इस हृदयविदारक मामले की जानकारी अस्पताल प्रबंधक को दी गयी. सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

अस्पताल की लापरवाही ने खड़े किए सवाल

इस दर्दनाक घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था, सफाई और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. इतने बड़े अस्पताल परिसर में रातभर एक नवजात का शव पड़ा रहना और किसी कर्मचारी या सुरक्षा गार्ड की नजर न पड़ना, व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी है. हालांकि सुबह में सफाई कर्मियों के द्वारा पूरे कैंपस की साफ-सफाई भी की जाती है, लेकिन संवेदनहीनता की हद देखिए कि सफाई कर्मियों की भी नजर इस शव पर नहीं पड़ी. अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि यह घटना मानवता को पूरी तरह शर्मसार करने वाली है.

सीसीटीवी फुटेज में आवारा कुत्ता दिखा

इस संबंध में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ केएम दुबे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच में यह सामने आया है कि एक आवारा कुत्ता नवजात के शव को मुंह में दबाकर अस्पताल परिसर में कहीं बाहर से लेकर आया था. हालांकि यह यक्ष प्रश्न अभी भी बना हुआ है कि आखिर नवजात का शव कहां से आया और अस्पताल परिसर तक कैसे पहुंचा. अस्पताल प्रशासन रविवार को वार्ड में जन्मे सभी बच्चों का रिकॉर्ड भी तलाश रहा है, लेकिन अभी तक अस्पताल के अंदर किसी भी मृत बच्चे का कोई रिकॉर्ड सामने नहीं आया है.

पुलिस ने गठित किया मेडिकल बोर्ड

रिकॉर्ड न मिलने के कारण यह अनुमान लगाया जा रहा है कि कहीं बाहर के ही किसी कूड़े-कचरे के ढेर से कुत्ता अस्पताल परिसर में नवजात का शव लेकर आया है. घटना की सूचना मिलने पर भगवान बाजार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. नवजात का पोस्टमार्टम पारदर्शी तरीके से कराने के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया, जिसके नेतृत्व में पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी की गई. फिलहाल पुलिस और अस्पताल प्रशासन इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं ताकि इस अमानवीय घटना की सच्चाई सामने आ सके.

Also Read: सारण में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >