छपरा में मिलाद-उल-नबी जुलूस से पहले डीएम सख्त, जलजमाव-कीचड़ वाले रास्ते दुरुस्त; ट्रैफिक रूट में बदलाव

मिलाद-उल-नबी के जुलूस से पहले छपरा जिला प्रशासन ने सक्रियता दिखाई है. डीएम के निर्देश पर सड़कों से जलजमाव और कीचड़ को तुरंत हटाया गया है. जुलूस को देखते हुए शहर में ट्रैफिक रूट भी बदल दिए गए हैं.

Chapra Traffic: मिलाद-उल-नबी के अवसर पर बुधवार को शहर में निकलने वाले जुलूस को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. जुलूस के निर्धारित मार्ग पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को सड़कों और प्रोसेशन रूट को दुरुस्त करने का निर्देश दिया.

डीएम के निर्देश के बाद नगर निगम के अधिकारी और कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और साफ-सफाई व जलजमाव हटाने का काम शुरू कर दिया. अधिकारियों के अनुसार, दौलतगंज चिक टोली सहित निगम क्षेत्र के कई स्थानों पर सड़क की स्थिति को दुरुस्त कराया गया.

चिक टोली दौलतगंज में जलजमाव की मिली थी शिकायत

निगम क्षेत्र के दौलतगंज चिक टोली से टीटीके नौजवान कमेटी के तत्वावधान में भव्य जुलूस निकाला जाता है. जुलूस के निर्धारित मार्ग पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या बनी हुई थी.

स्थानीय लोगों के अनुसार, कई घरों के सर्विस पेयजल कनेक्शन के पाइप टूटे होने के कारण भी सड़क पर पानी जमा हो रहा था. स्थानीय वार्ड आयुक्तों के माध्यम से इसकी जानकारी जिलाधिकारी तक पहुंची.

मामले की जानकारी मिलते ही डीएम ने अधिकारियों को मौके पर भेजा. करीब दो घंटे के अंदर जलजमाव और सड़क की समस्या को दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गयी. स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया.

जुलूस को लेकर डीएम ने जारी किया निर्देश

जिलाधिकारी की ओर से प्रशासनिक पदाधिकारियों को जारी पत्र में बताया गया है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 अगस्त को सुबह छह बजे जुलूस जामा मस्जिद, साहेबगंज से शुरू होगा.

जुलूस साहेबगंज थाना चौक, दारोगा राय चौक, मेवालाल चौक, नगरपालिका चौक, थाना चौक, भगवान बाजार, बबहुरिया कोठी, अस्पताल चौक और पीर बाबा दरगाह चौक होते हुए निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ेगा.

जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए निगम क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर वाहनों के परिचालन में आवश्यक प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन किया गया है.

छपरा में इन रास्तों पर बदला रहेगा ट्रैफिक रूट

भिखारी ठाकुर चौक से गांधी चौक की ओर आने वाले तीन और चार पहिया वाहन गांधी चौक तक ही आ सकेंगे. गांधी चौक से पूर्व मंत्री उदित राय की गली होकर कोई भी वाहन कचहरी बाजार की ओर नहीं जायेगा.

मोना चौक से सब्जी मंडी होते हुए साहेबगंज चौक की ओर किसी भी तीन या चार पहिया वाहन का परिचालन नहीं होगा.

नगरपालिका चौक से थाना चौक की ओर तीन या चार पहिया वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.

भगवान बाजार चौक से दारोगा राय चौक

भगवान बाजार चौक से दारोगा राय चौक और थाना चौक की ओर तीन या चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे.

हालांकि भगवान बाजार उद्यान से चिराई घर, तीन कोनिया माई मंदिर होते हुए नगरपालिका चौक की ओर जाने वाले वाहनों को अपने गंतव्य तक जाने की अनुमति रहेगी.

छपरा क्लब और बजरंगी पेट्रोल पंप

छपरा क्लब अथवा बजरंगी पेट्रोल पंप होकर भारी, तीन या चार पहिया वाहन दारोगा राय चौक की ओर नहीं जा सकेंगे. भगवान बाजार चौक की ओर जाने वाले वाहन राजेंद्र कॉलेज रेलवे ढाला अथवा फोरलेन के रास्ते अपने गंतव्य तक जायेंगे.

श्यामचक से भगवान बाजार

श्यामचक से कोई भी भारी वाहन भगवान बाजार की ओर नहीं जायेगा. छपरा आने वाले वाहन उमा हाईपास होकर अपने गंतव्य तक जायेंगे.

तीन और चार पहिया वाहन भगवान बाजार चौक, छपरा जंक्शन और चिराई घर होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.

दारोगा राय चौक से मालखाना चौक

दारोगा राय चौक से छपरा क्लब, शिवा गैस एजेंसी अथवा सरकारी बस स्टैंड (हीरा मोटरसाइकिल एजेंसी) से मालखाना चौक की ओर कोई भी तीन या चार पहिया वाहन नहीं आयेगा.

डाक बंगला रोड पर भी प्रतिबंध

कोई भी तीन या चार पहिया वाहन एसडीओ आवास के उत्तरी छोर तक ही आ सकेगा. यहां से डाक बंगला रोड में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.

बबहुरिया कोठी से अस्पताल चौक

बबहुरिया कोठी से अस्पताल चौक अथवा पीर बाबा मजार की ओर तीन और चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे.

लल्लू मोड़ से पीर बाबा मजार

लल्लू मोड़-शिव बाजार होकर कोई भी तीन या चार पहिया वाहन भरत मिलाप चौक अथवा पीर बाबा मजार की ओर नहीं जायेगा.

सुबह चार बजे से लागू रहेगा ट्रैफिक प्लान

जिला प्रशासन के अनुसार यह यातायात व्यवस्था 26 अगस्त को सुबह चार बजे से जुलूस समाप्त होने और अंतिम भीड़ समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी.

प्रशासन ने जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाये रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं. साथ ही लोगों से प्रशासन की ओर से जारी यातायात व्यवस्था का पालन करने और तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग करने की अपील की गयी है.

इसे भी पढ़ें: TRE-4 की पीटी में बदल सकता है सिलेबस, बिहार से होंगे 30% प्रश्न, शिक्षा विभाग ने BPSC को भेजा पत्र


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >