Chhapra Medical College: छपरा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल अब धीरे-धीरे पूरी तरह फंक्शनल होने की दिशा में बढ़ रहा है. अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ मरीजों को राहत मिलने लगी है. 17 अगस्त से अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे समेत 10 से अधिक नई जांच और चिकित्सा सुविधाएं बहाल की गयी हैं. मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक सीपी जायसवाल ने फीता काटकर अल्ट्रासाउंड जांच केंद्र का शुभारंभ किया. इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे.
अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे समेत कई जांच सुविधाएं शुरू
अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से मरीजों को अब जांच के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी. इसके साथ ही एक्स-रे, बोन मैरो जांच, गिल्टी की जांच, कैंसर से संबंधित जांच, पेट में पानी भरने और रीढ़ में पानी की जांच तथा यूरिन कल्चर जैसी सुविधाएं भी बहाल की गयी हैं. महिलाओं और पुरुषों से संबंधित छोटे ऑपरेशन भी शुरू हो गये हैं. हाइड्रोसील और गिल्टी के ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी है.
पैथोलॉजी और फिजियोथैरेपी की सुविधा पहले से बहाल
मेडिकल कॉलेज में पैथोलॉजी की सुविधा पहले ही शुरू हो चुकी है. यहां विभिन्न प्रकार की जांच की जा रही है. कुछ हाईटेक जांचों की सुविधा भी जल्द उपलब्ध कराने की तैयारी है. इसके लिए राज्य सरकार से बातचीत चल रही है. वहीं, फिजियोथैरेपी की सुविधा भी बहाल हो चुकी है और मरीजों का इलाज शुरू कर दिया गया है.
56 जूनियर डॉक्टरों की मांग, 50 ने किया योगदान
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए 56 जूनियर डॉक्टरों की मांग की गयी थी. सरकार ने मांग को मंजूरी देते हुए करीब एक महीने पहले 56 जूनियर डॉक्टरों को भेजा, जिनमें से 50 चिकित्सकों ने योगदान किया. चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने के बाद अस्पताल में दिवाकालीन ओपीडी के साथ रात्रिकालीन ओपीडी भी शुरू हो गयी है.
कॉलेज अधिकारियों के अनुसार, सितंबर तक जरूरी नर्स और तकनीकी कर्मियों की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है. इसके बाद चिकित्सा सेवाओं का और विस्तार किया जा सकेगा. अधिकारियों का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक अस्पताल में सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं बहाल करना है, ताकि सारण प्रमंडल के मरीजों को सामान्य इलाज और आवश्यक शल्य चिकित्सा के लिए पटना या दूसरे बड़े अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत कम पड़े.
मई में शुरू हुआ था ऑक्सीजन प्लांट
मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट भी मई महीने में चालू किया गया था. अस्पताल के विभिन्न चिकित्सा कक्षों तक ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध होने के बाद मरीजों को भर्ती करने की प्रक्रिया में तेजी आयी. अधिकारियों के अनुसार, बड़े और जटिल मामलों को छोड़कर कई छोटे मामलों का इलाज अब अस्पताल में ही किया जा रहा है.
225 नर्स और 65 तकनीकी कर्मियों की जरूरत
छपरा मेडिकल कॉलेज में कुल 312 टीचिंग स्टाफ के पद स्वीकृत हैं. इनमें 24 प्रोफेसर (एचओडी), 47 एसोसिएट प्रोफेसर, 74 असिस्टेंट प्रोफेसर, 84 सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर, 16 मेडिकल ऑफिसर, 58 जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर और छह लेडी मेडिकल ऑफिसर के पद शामिल हैं. इसके अलावा एपिडेमियोलॉजिस्ट-कम-लेक्चरर, स्टैटिस्टिक्स-कम-लेक्चरर और कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर के एक-एक पद हैं.
कॉलेज अधिकारियों के अनुसार अस्पताल में 225 नर्सों की जरूरत है, जबकि फिलहाल 15 नर्स कार्यरत हैं. सितंबर तक नर्सों की कमी दूर होने की उम्मीद है. इसी तरह 65 तकनीकी कर्मियों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन अभी 10 तकनीकी कर्मी कार्यरत हैं. इनके आने के बाद जांच और अन्य चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत किया जा सकेगा.
8 जनवरी 2025 को हुआ था मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन
गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 8 जनवरी 2025 को किया था. करीब 425 करोड़ रुपये की लागत से 20 एकड़ में बने इस मेडिकल कॉलेज में 500 बेड वाले अस्पताल और 100 एमबीबीएस सीटों की व्यवस्था है. उद्घाटन के बाद चरणबद्ध तरीके से अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है.
17 अगस्त से बहाल हुईं ये प्रमुख सुविधाएं
- अल्ट्रासाउंड जांच
- एक्स-रे जांच
- बोन मैरो जांच
- गिल्टी की जांच
- कैंसर से संबंधित जांच
- पेट में पानी भरने की जांच
- रीढ़ में पानी की जांच
- यूरिन कल्चर जांच
- महिलाओं से संबंधित छोटे ऑपरेशन
- पुरुषों से संबंधित छोटे ऑपरेशन
- हाइड्रोसील ऑपरेशन
- गिल्टी का ऑपरेशन
क्या बोले मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक
सीपी जायसवाल, अधीक्षक, छपरा मेडिकल कॉलेज: “मेडिकल कॉलेज में धीरे-धीरे चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो रहा है. ऑक्सीजन और पैथोलॉजी की सुविधा के बाद अब एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी जांच सुविधाएं भी शुरू की गयी हैं. जल्द ही 225 नर्स और 65 तकनीकी स्टाफ मिलने की उम्मीद है. इससे अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं में और बढ़ोतरी होगी.”
Also Read: अशोकधाम मंदिर में हादसा, तार गिरने और भगदड़ से 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल
