सारण में बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, कीचड़-जलजमाव से सड़कें बदहाल, मंदिर जाने वाले श्रद्धालु परेशान

सारण शहर में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. जलजमाव और कीचड़ ने सड़कों को बदहाल कर दिया है, जिससे आवागमन दूभर हो गया है. मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Saran News: शहर में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है. सोमवार को हुई बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव और कीचड़ की स्थिति और गंभीर हो गई. खासकर जहां सड़क और नाला निर्माण कार्य चल रहा है, वहां आवागमन मुश्किल हो गया है. लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं.

निर्माणाधीन इलाकों में आवागमन हुआ बाधित

मेवालाल चौक से मौना तक की सड़क पर चारों ओर कीचड़ फैला हुआ है. इस मार्ग पर पैदल चलना बेहद कठिन हो गया है, जबकि बाइक सवार भी मुश्किल से आवाजाही कर पा रहे हैं. मौना पंचायत भवन रोड पर नाला निर्माण के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे ई-रिक्शा और अन्य वाहनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है. पिछले कई दिनों से इस मार्ग पर पैदल आवाजाही लगभग बंद है और लोग संकरी गलियों से होकर आने-जाने को विवश हैं.

कटहरी बाग और मौना-सांढ़ा रोड की स्थिति सबसे खराब

कटहरी बाग चौक और मौना-सांढ़ा रोड पर लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. सोमवार की बारिश के बाद यहां हालात और बिगड़ गए. सड़कें कीचड़ से भर गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी हुई परेशानी

नगर निगम के स्थायी सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पहले से ही प्रभावित है. सावन की पहली सोमवारी को लेकर मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की सफाई कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई स्थानों पर कीचड़, कचरा और जलजमाव बना रहा.

मौना-सांढ़ा रोड स्थित मंदिर के सामने कचरे का ढेर और कीचड़ जमा होने से श्रद्धालुओं को काफी दिक्कत हुई. मौना नीम मंदिर, मोहन नगर, कटहरी बाग, गुदरी समेत कई इलाकों में भी मंदिर जाने वाले रास्ते बदहाल रहे.

पानी भरे गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा

बारिश के कारण निर्माणाधीन क्षेत्रों के गड्ढों में पानी भर गया है. इससे पैदल चलने वाले लोग कई बार गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं. कई स्थानों पर बैरिकेडिंग और नो-एंट्री के बावजूद वैकल्पिक रास्तों की खराब स्थिति के कारण लोग मजबूरी में इन्हीं मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं. बाइक सवार भी फिसलकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं.

लोगों ने जल्द समाधान की मांग की

स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने, जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा मंदिरों और प्रमुख मार्गों की नियमित सफाई कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान लोगों को राहत मिल सके.

Also Read: Bankipur By Election Result: बांकीपुर में छा गए प्रशांत किशोर, 2025 में हार के 9 महीनों बाद ऐसा क्या बदला कि BJP को उसी के गढ़ में पछाड़ दिया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >