सारण के छपरा से विकास कुमार की रिपोर्ट
Chapra-Anand Vihar Express: दिल्ली और पूर्वांचल के बीच यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. रेलवे प्रशासन ने 12527/12528 छपरा-आनंद विहार टर्मिनस-छपरा साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन 28 जून 2026 से शुरू करने का फैसला किया है. ट्रेन के नियमित परिचालन से छपरा, बलिया, मऊ, आजमगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
28 जून से नियमित रूप से चलेगी ट्रेन
रेलवे प्रशासन ने 12527/12528 छपरा-आनंद विहार टर्मिनस-छपरा साप्ताहिक एक्सप्रेस के नियमित संचालन की घोषणा की है. इसके तहत 12527 छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस 28 जून 2026 से प्रत्येक रविवार को तथा 12528 आनंद विहार टर्मिनस-छपरा एक्सप्रेस 29 जून 2026 से प्रत्येक सोमवार को नियमित रूप से संचालित होगी.
छपरा से कब रवाना होगी ट्रेन?
12527 छपरा-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को छपरा से रात 8:50 बजे प्रस्थान करेगी. यह ट्रेन बलिया, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर, सुलतानपुर, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन दोपहर 2:00 बजे आनंद विहार टर्मिनस पहुंचेगी.
आनंद विहार से वापसी में कब चलेगी ट्रेन?
12528 आनंद विहार टर्मिनस-छपरा साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को शाम 4:25 बजे आनंद विहार टर्मिनस से रवाना होगी. यह ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ, सुलतानपुर, जौनपुर, शाहगंज, आजमगढ़, मऊ और बलिया होते हुए अगले दिन सुबह 9:40 बजे छपरा पहुंचेगी.
किन-किन स्टेशनों को मिलेगा लाभ?
इस ट्रेन के नियमित संचालन से छपरा, बलिया, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर, सुलतानपुर, लखनऊ, कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. विशेष रूप से दिल्ली में कामकाज, शिक्षा और व्यवसाय से जुड़े यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
ट्रेन में कितने कोच होंगे?
रेलवे के अनुसार इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे. इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी तथा लगेज व जनरेटर कोच शामिल रहेंगे. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाने से पहले आरक्षण और ट्रेन की अद्यतन जानकारी जांचने की अपील की है. नियमित संचालन शुरू होने से दिल्ली रूट पर यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध होगा.
