छपरा. ठंड के बाद अब मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है. दिन में धूप निकल रही है. सुबह व शाम में अभी भी मौसम में नरमी है. बीते तीन दिनों से तेज पछुआ हवा चल रही है. जिसमें थोड़ी ठंडक भी है. वहीं कई बार दिन में कड़ी धूप निकल जा रही है. ऐसे में मौसम में बार-बार बदलाव के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर इसका असर पड़ रहा है. ज्यादातर लोग सर्दी, खांसी, बुखार आदि समस्याओं से पीड़ित हो रहे हैं. बच्चों में वायरल फीवर का असर दिख रहा है. जिस कारण सरकारी व निजी अस्पतालों में भीड़ बढ़ने लगी है. हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि कुछ सावधानियां बरतें तो इस मौसम में खुद को बीमार होने से बचा सकते हैं.
मधुमेह, दमा व ब्लड प्रेशर वाले मरीज रखें ख्याल
आयुर्वेद चिकित्सक डॉ राजेश रंजन ने बताया कि बदलते मौसम में मधुमेह ब्लड, प्रेशर व दमा के मरीजों का खास ख्याल रखने की जरूरत होती है. बदलते मौसम में जैसे ही बुखार, खांसी, सर्दी सिर दर्द हो तो तुरंत उपचार कराना चाहिये. जब मौसम में बदलाव होता है तो वह हमारी इम्युनिटी को ही बदल देता है. इस से एलर्जी और वायरल संक्रमण होने का खतरा बढ़ जाता है. जिन लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है. उनके लिए तो यह और भी परेशानी का सबब बन जाता है. बच्चे और बुजुर्ग के शरीर का इम्यून सिस्टम सामान्य व्यक्ति की तुलना में कमजोर होता है. भरपूर नींद लेने से लाभ मिलेगा. बदलते मौसम में जरूरी है कि हम घर के हेल्दी खाने को प्राथमिकता दें. खासकर ऐसे मौसम में हमें फास्ट फूड को इग्नोर करना चाहिये.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
