Saran News: तरैया प्रखंड के तरैया-उसरी मुख्य सड़क पर चैनपुर पंचायत के सानी खराटी बिनटोली पुस्तकालय भवन के समीप बना नया RCC पुल निर्माण के महज एक वर्ष के भीतर ही जर्जर हो गया है. पुल पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बरसात के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अनुमान नहीं लग पाता और हादसे की आशंका बनी रहती है.
रोजाना हादसों का बन रहा कारण
स्थानीय लोगों के अनुसार पुल के अधिकांश हिस्से पर गड्ढे बन चुके हैं. केवल पूर्वी दिशा में थोड़ी जगह सुरक्षित बची है, जहां से बाइक चालक किसी तरह आवाजाही कर रहे हैं. जरा सी लापरवाही होने पर बाइक गड्ढे में फिसल जाती है और चालक घायल हो जाते हैं.
हाल ही में इसी पुल से गुजरने के दौरान प्राथमिक विद्यालय सिरमी की एक शिक्षिका की स्कूटी फिसल गई, जिससे वह घायल हो गईं.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत
चैनपुर पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि शत्रुघ्न महतो ने बताया कि पुल की खराब स्थिति की शिकायत कई बार संवेदक से की गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.
कई गांवों के लोगों का प्रमुख मार्ग
यह सड़क तरैया बाजार को उसरी, भगवानपुर, क्वार्टर बाजार, मरवा बसहिया, सिरमी, शीतलपट्टी, डुमरी समेत कई गांवों से जोड़ती है. फिलहाल इस सड़क पर बड़ी गाड़ियों की आवाजाही करीब डेढ़ वर्ष से बंद है.
सिरमी में नए पुल का निर्माण अंतिम चरण में
इसी सड़क पर सिरमी गांव में पुराने लोहे के जर्जर पुल के स्थान पर नए पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है. ढलाई का कार्य लगभग पूरा हो चुका है. ग्रामीणों का कहना है कि नए पुल के चालू होने के बाद इस मार्ग पर बड़ी गाड़ियों की आवाजाही फिर से शुरू हो जाएगी. हालांकि इससे पहले सानी खराटी बिनटोली के पास क्षतिग्रस्त RCC पुल की मरम्मत कराना भी जरूरी है, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
