लोकतंत्र का पर्व मनाना है, मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाना है

मंगलवार को छपरा शहर के भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में स्वीप कोषांग द्वारा एक विशेष मतदाता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

छपरा. मंगलवार को छपरा शहर के भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में स्वीप कोषांग द्वारा एक विशेष मतदाता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को जागरूक करना और उन्हें लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी के लिए प्रेरित करना था. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन कोषांग की नोडल पदाधिकारी पूजा कुमारी, डीपीओ आइसीडीएस किरण शर्मा, और जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी डॉ विभा भारती ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया.

कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदियों, स्काउट एंड गाइड के कैडेट्स और स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए नोडल पदाधिकारी पूजा कुमारी ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में सबकी भागीदारी हो सके, इसके लिए जिला प्रशासन लगातार मतदाता जागरूकता अभियान चला रहा है. आगामी छह नवंबर को हर मतदाता को मतदान केंद्र पर पहुंचना हमारा दायित्व है. उन्होंने कहा कि इस बार जिले का लक्ष्य शत-प्रतिशत मतदान का है और इसके लिए सभी को मिलकर सहयोग करना होगा. नोडल पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों के लिए निशुल्क वाहन सेवा उपलब्ध करायी जायेगी, जिनके माध्यम से दिव्यांगजन, वृद्ध और विशेष आवश्यकता वाले मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाया जायेगा और उन्हें वापस भी उनके घर पहुंचाया जायेगा.

पहले मतदान फिर जलपान का आह्वान :डीपीओ आइसीडीएस

डीपीओ आइसीडीएस किरण शर्मा ने भी अपने संबोधन में कहा कि सबसे पहले मतदान, फिर जलपान का नारा देते हुए समाज के निर्माण में हर एक वोट का महत्व बताया. उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अपील की कि वे मतदान केंद्र पर जाकर मतदान जरूर करें और इस कार्य में सबको सहयोग दें.

मतदाताओं को दिलायी गयी शपथ, मतदान केंद्र तक पहुंचाने का संकल्प लिया

कला एवं संस्कृति पदाधिकारी डॉ विभा भारती ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र का पर्व मनाना है, और प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य बनता है कि वे मतदान केंद्र तक अपने परिवार और आसपास के लोगों को लेकर जाएं. उन्होंने विशेष रूप से स्काउट और गाइड के कैडेट्स से आग्रह किया कि वे अपने आस-पास के मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करें और विशेष आवश्यकता वाले मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में मदद करें. इस अवसर पर उपस्थित सभी कर्मियों को मतदाता शपथ दिलायी गयी, जिसमें उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया.

एक मत से होती है जीत और हार : हरेंद्र सिंह

स्काउट एंड गाइड के उपाध्यक्ष डॉ हरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि एक-एक मत के अंतर से जीत और हार होती है, इसलिए प्रत्येक मतदाता का मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना अत्यंत महत्वपूर्ण है. कार्यक्रम में उपस्थित जीविका दीदियों ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र के कम से कम 10 निर्वाचकों को मतदान केंद्र पर लेकर जायेंगी. वहीं, स्काउट एंड गाइड के जिला समन्वयक ने कहा कि मतदान के दिन सभी कैडेट्स अपने-अपने नजदीकी बूथ पर मदद के लिए उपस्थित रहेंगे और विशेष आवश्यकता वाले मतदाताओं को मतदान केंद्र और उनके घरों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे. कार्यक्रम के दौरान कुमारी अनीशा ने नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर मतदाताओं से मतदान की अपील की. वहीं, सोनम डांस ग्रुप ने भी अपनी आकर्षक प्रस्तुति देते हुए 6 नवंबर को मतदान करने का आह्वान किया. इस कार्यक्रम में संतोष कुमार, राकेश कुमार सिन्हा, विनय कुमार सिंह, अरविंद कुमार सिंह सहित दर्जनों शिक्षक भी उपस्थित थे, जिन्होंने कार्यक्रम की सफलता में योगदान दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

ALOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >